अधीर रंजन चौधरी की सुरक्षा में कटौती

वाई प्लस की जगह अब मिलेगी एक्स श्रेणी की सुरक्षा
अधीर रंजन चौधरी
अधीर रंजन चौधरी
Published on

कोलकाता : प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और बहरमपुर के पूर्व सांसद अधीर रंजन चौधरी की केंद्रीय सुरक्षा में कटौती कर दी गई है। अब तक उन्हें वाई प्लस श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त थी, जिसे घटाकर एक्स श्रेणी कर दिया गया है।

अधीर रंजन चौधरी वर्ष 1999 से 2024 तक लगातार बहरमपुर से सांसद रहे और केंद्र सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में वह तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार यूसुफ पठान से पराजित हो गए थे। सांसद नहीं रहने के बावजूद उन्हें वाई प्लस श्रेणी की सुरक्षा मिलती रही।

इसे लेकर तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने सवाल उठाते हुए भाजपा के साथ उनकी कथित सांठगांठ का आरोप लगाया था। हालांकि, अधीर ने इन आरोपों को कभी महत्व नहीं दिया।

नई व्यवस्था के तहत अब उनकी सुरक्षा में केंद्रीय सुरक्षा बल के दो जवान और राज्य पुलिस के दो कांस्टेबल तैनात रहेंगे। सुरक्षा में कटौती पर अधीर रंजन चौधरी ने कहा, "जरूरत समझी गई होगी, इसलिए सुरक्षा कम कर दी गई। मुझे किस श्रेणी की सुरक्षा मिली है, इसकी चिंता नहीं है। मैंने कभी न राज्य सरकार और न ही केंद्र सरकार से सुरक्षा की मांग की थी।"

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in