मानिकतला ESI अस्पताल में मृत महिला के शव को चूहों ने कुतरा

फीमेल सर्जिकल वार्ड की घटना से सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, जांच के लिए 10 सदस्यीय समिति गठित
Kolkata
ESI अस्पताल में शव को चूहों ने कुतरा
Published on: 

कोलकाता : मानिकतला स्थित ESI अस्पताल में एक बेहद गंभीर और चिंताजनक घटना सामने आई है। अस्पताल के फीमेल सर्जिकल वार्ड में भर्ती एक वृद्ध महिला की मौत के बाद उनके शव को चूहों द्वारा कुतरने की बात सामने आई है। घटना के बाद अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया है और मामले की जांच के लिए 10 सदस्यीय समिति गठित की गई है।

भर्ती होने के कुछ घंटों बाद हुई मौत

जानकारी के अनुसार, वृद्ध महिला को बीते दिन मानिकतला ESI अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें फीमेल सर्जिकल वार्ड में रखा गया था। रात में महिला की मौत हो गई। इसके बाद उनके शव के साथ हुई इस घटना ने अस्पताल में मरीजों की देखभाल और वार्ड की साफ-सफाई एवं सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

आंख, होंठ और माथे पर मिले कुतरने के निशान

बताया जा रहा है कि मृत महिला के शव की आंख, होंठ और माथे के एक हिस्से को चूहों ने कुतर दिया। अस्पताल जैसे चिकित्सा संस्थान में इस तरह की घटना सामने आने से मरीजों और उनके परिजनों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। हालांकि, घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसमें किस स्तर पर लापरवाही हुई, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

10 सदस्यीय जांच समिति गठित

घटना की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने 10 सदस्यीय जांच समिति बनाई है। समिति को तीन दिनों के भीतर जांच रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है। अब जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि घटना कैसे हुई और अस्पताल की व्यवस्था में कहां चूक हुई। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही जिम्मेदारी तय होने और आगे की कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in