

31 दिसंबर तक मिलेगा लाभ, वाहन मालिकों को बकाया चुकाने और दस्तावेज नियमित कराने का आखिरी मौका
दीपक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : पश्चिम बंगाल सरकार के परिवहन विभाग ने राज्य के लाखों वाहन मालिकों को बड़ी राहत देते हुए वन-टाइम वेवर स्कीम 2026-27 की घोषणा की है। इस योजना के तहत मोटर वाहन कर (रोड टैक्स) के बकाया पर लगे जुर्माने में 100 प्रतिशत छूट दी जाएगी। इसके अलावा, एक्सपायर हो चुके वाहनों के फिटनेस सर्टिफिकेट (सीएफ) के नवीनीकरण में लगने वाले अतिरिक्त शुल्क को भी काफी कम कर दिया गया है। योजना का सबसे बड़ा आकर्षण यह है कि जिन वाहन मालिकों पर मोटर वाहन कर बकाया है, उन्हें उस पर लगे जुर्माने में 100 प्रतिशत की छूट मिलेगी। हालांकि, इस छूट का लाभ उठाने के लिए वाहन मालिकों को अपना पूरा बकाया टैक्स 31 दिसंबर 2026 तक जमा करना होगा। निर्धारित समयसीमा के भीतर टैक्स भुगतान करने पर जुर्माने की पूरी राशि माफ कर दी जाएगी।
फिटनेस सर्टिफिकेट के विलंब शुल्क में बड़ी कटौती
जिन वाहनों के फिटनेस सर्टिफिकेट (CF) की वैधता समाप्त हो चुकी है, उनके नवीनीकरण पर भी सरकार ने राहत दी है। इसके तहत 30 दिनों से कम की देरी पर प्रति दिन 50 रुपये अतिरिक्त शुल्क, 30 दिन या उससे अधिक की देरी पर एकमुश्त 1,500 रुपये अतिरिक्त शुल्क वसूला जाएगा इस रियायती शुल्क का लाभ उन्हीं वाहन मालिकों को मिलेगा, जो 31 दिसंबर 2026 तक फिटनेस सर्टिफिकेट का नवीनीकरण पूरा करा लेंगे।
सभी प्रकार के रजिस्टर्ड वाहनों को मिलेगा लाभ
परिवहन विभाग के अनुसार, यह योजना पश्चिम बंगाल में पंजीकृत सभी परिवहन एवं गैर-परिवहन वाहनों पर लागू होगी। योजना का लाभ लेने के लिए निर्धारित अवधि के भीतर सभी लागू करों एवं शुल्कों का भुगतान करना और जहां आवश्यक हो, फिटनेस प्रमाणपत्र का नवीनीकरण पूरा कराना अनिवार्य होगा।
वाहन मालिकों से 31 दिसंबर तक लाभ उठाने की अपील
परिवहन विभाग ने उन सभी वाहन मालिकों से इस एकमुश्त राहत योजना का लाभ उठाने की अपील की है, जिनका मोटर वाहन कर बकाया है या जिनके फिटनेस सर्टिफिकेट की अवधि समाप्त हो चुकी है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह सीमित अवधि का अवसर है और इसका लाभ 31 दिसंबर 2026 के बाद नहीं मिलेगा। वाहन मालिक अधिक जानकारी और आवश्यक सहायता के लिए अपने संबंधित आरटीओ अथवा एआरटीओ कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।