

सतीश, सन्मार्ग संवाददाता
हुगली : चंदननगर के पुलिस कमिश्नर सुनील यादव ने बताया कि चुनाव की तैयारियों के साथ रामनवमी जैसे प्रमुख आयोजन को लेकर पुलिस ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। रामनवमी के जुलूस को लेकर आयोज॔न समितियों के साथ बैठकें जारी हैं और कई बैठकें पहले ही हो चुकी हैं। हाईकोर्ट के निर्देशों से आयोजन समितियों को अवगत करा दिया गया है। इस बार चुनाव के मद्देनजर किसी भी जुलूस में अस्त्र-शस्त्र ले जाने की अनुमति नहीं होगी। चांपदानी में रामनवमी का जुलूस 30 मार्च को निकलेगा, जबकि अन्य थाना क्षेत्रों में 29 मार्च को जुलूस निकाले जाएंगे। केंद्रीय बल और पुलिस कर्मियों को चप्पे-चप्पे पर तैनात किया जाएगा। कमिश्नर ने आगे बताया कि कमिश्नरेट के सात थाना क्षेत्रों में चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन किया जा रहा है। केंद्रीय बल लगातार इलाकों में गश्त कर रहे हैं, ताकि मतदाता भयमुक्त होकर मतदान केंद्र तक पहुंच सकें और अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। सभी थाना क्षेत्रों में नाका चेकिंग जारी है। अब तक 33 मामले दर्ज किए गए हैं और कई लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वारंट वाले 26 अपराधियों को भी पकड़ा गया है। लगभग 626 लीटर अवैध शराब जब्त की गई है और 12 अवैध अस्त्र-शस्त्र भी बरामद किए गए हैं। हिस्ट्रीशीटरों की गिरफ्तारी का अभियान जारी है। जिन लोगों के पास लाइसेंसी हथियार हैं, उन्हें 25 तारीख तक उन्हें जमा करने का निर्देश दिया गया है।