रायदीघी के विधायक ने कई दुर्गा पूजा पंडालों का दौरा किया

रायदीघी के विधायक डॉ. आलोक जलदाता दुर्गापूजा पंडाल का परिदर्शन करते हुए
रायदीघी के विधायक डॉ. आलोक जलदाता दुर्गापूजा पंडाल का परिदर्शन करते हुए
Published on

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता

काकद्वीप: रायदीघी के विधायक डॉ. आलोक जलदाता ने रविवार को रायदीघी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने काशीनगर माझेरपाड़ा सार्वजनीन श्री श्री दुर्गा उत्सव सहित कई पंडालों का निरीक्षण किया और श्रद्धालुओं से मिलकर उन्हें दुर्गा पूजा की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। लोगों को दुर्गापूजा में भरपुर आनंद से मनाने की अपील की। इस अवसर पर काशीनगर माझेरपाड़ा पूजा कमेटी द्वारा एक रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कई युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने रक्तदान कर इस सामाजिक पहल को सफल बनाया। विधायक ने कहा कि दुर्गा पूजा केवल धार्मिक उत्सव नहीं, बल्कि यह समाज में एकता, भाईचारे और सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रतीक भी है। उन्होंने पूजा समितियों द्वारा की गई सजावट, सुरक्षा और स्वच्छता के प्रयासों की सराहना की। इसके अलावा, विधायक डॉ. जलदाता ने नगेंद्रनपुर अंचल के बरदानगर मुसलमानपाड़ा एकता संघ, दमकल शिशु व माता कमेटी, रामकृष्ण सेवा निकेतन और बरदानगर खाटूयापाड़ा सार्वजनीन श्री श्री दुर्गा पूजा पंडालों का भी फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया। हर जगह पूजा कमेटियों द्वारा विधायक का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। विधायक ने पंडालों में उपस्थित श्रद्धालुओं से संवाद किया और पूजा के शांतिपूर्ण आयोजन में प्रशासन को सहयोग देने की अपील की। पूरे कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में उत्सव का माहौल बना रहा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन व पूजन के लिए पंडालों में पहुंचे। यहाँ उल्लेखनीय है कि महासप्तमी की शाम, राधाकांतपुर आगमनी महिला सार्वजनीन, आटेश्वर तला सार्वजनीन श्री दुर्गा पूजा, रायदीघी के दिघीड़पाड़ बकुलतल्ला सुभाषनगर सार्वजनीन और सुभाषनगर व्यवसायीवृंद के दुर्गा पूजा पंडालों में भक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। भीड़ इतनी अधिक थी कि पुलिस प्रशासन को भीड़ नियंत्रण में काफी मशक्कत करनी पड़ी। इसके बावजूद पुलिस ने बेहद व्यवस्थित तरीके से भीड़ को संभालते हुए लोगों की आवाजाही को सुचारू बनाए रखा।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in