

कोलकाता : रवींद्र सरोवर में एक बार फिर मरी हुई मछलियां मिलने के बाद सरोवर के पानी की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। कुछ महीने पहले भी काफी संख्या में मरी हुई मछलियां यहां मिली थीं। विशेषज्ञों का कहना है कि पानी में घुले हुए ऑक्सीजन की मात्रा कम होना मछलियों केे मरने का कारण हो सकता है। यहां उल्लेखनीय है कि लोटस गार्डेन की हालत काफी खराब है और आये दिन यहां मरी हुई मछलियां पायी जाती हैं। सोमवार को रवींद्र सरोवर में स्थित एक जलाशय पद्दोपुकुर से ये मरी हुई मछलियां पायी गयी हैं। रवींद्र सरोवर की देख-रेख करने वाले केएमडीए के एक अधिकारी ने बताया कि पद्दोपुकुर में कुछ मरी हुई मछलियां बरामद की गयी हैं। आज सुबह वहां दौरा कर मछलियों के मरने के कारण का पता लगाया जाएगा। हालांकि पद्दोपुकुर जलाशय में काफी जलकुंभी भर गयी है जो मछलियों के मरने का एक कारण हो सकता है।