दक्षिण 24 परगना : सुंदरवन पुलिस के अधीन रायदीघी थाने की पुलिस ने संदेह के आधार पर 10 बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया है। इनमें दो बच्चे, तीन महिलाएं और पांच पुरुष शामिल हैं। हिरासत में लिए गए सभी लोग एक ही परिवार के सदस्य हैं और बांग्लादेश के फिरोजपुर के रहने वाले हैं। पुलिस ने सभी को लक्ष्मीकांतपुर स्थित होल्डिंग सेंटर भेज दिया है। जल्द ही उन्हें बांग्लादेश भेजने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
छह साल पहले वे कथित तौर पर अवैध रूप से भारत में दाखिल हुए थे
पुलिस सूत्रों के अनुसार, करीब छह साल पहले वे कथित तौर पर अवैध रूप से भारत में दाखिल हुए थे। इसके बाद काम की तलाश में बेंगलुरु चले गए, जहां वे कबाड़ बीनने और बेचने का काम करते थे। बताया गया है कि हाल में बेंगलुरु में बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई तेज होने की खबर मिलने के बाद परिवार के सभी 10 सदस्य वहां से निकलकर पश्चिम बंगाल आ गए। करीब एक सप्ताह पहले वे रायदीघी के नगेंद्रपुर स्थित अपने एक रिश्तेदार के घर में शरण ली। उनके पास बांग्लादेश के राष्ट्रीय पहचान पत्र भी मिले। रायदीघी थाने की पुलिस के अनुसार, आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें निर्धारित समय पर बांग्लादेश भेजने की कार्रवाई की जाएगी।