फाइल फोटो
कोलकाता सिटी
राज्य में चार नए विशेष एंटी-नारकोटिक्स पुलिस स्टेशन होंगे शुरू
कोलकाता :
राज्य में ड्रग्स सिंडिकेट, अंतरराज्यीय तस्करों और सीमा पार जारी नशे के कारोबार को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। इस अभियान के तहत एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स के अधीन चार विशेष पुलिस स्टेशनों की स्थापना की जा रही है, जो इसी महीने से काम करना शुरू कर देंगे। ये नए विशेष थाने दुर्गापुर, मालदह, खड़गपुर और कृष्णनगर में बनाए जा रहे हैं। इन थानों का मुख्य उद्देश्य मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े बड़े मामलों की गहन जांच करना और तस्करों के नेटवर्क को तोड़ना है।
लगभग 500 पदों का हुआ सृजन
इन विशेष पुलिस इकाइयों के संचालन को सुचारु बनाने के लिए राज्य सरकार ने लगभग 500 नए पदों का सृजन किया है। बीते महीने गठित एएनटीएफ का नेतृत्व एडीजी स्तर के एक वरिष्ठ अधिकारी कर रहे हैं। राज्य भर में कानून-व्यवस्था और जांच को बेहतर बनाने के लिए इसे तीन जोन उत्तर, पश्चिम और दक्षिण में विभाजित किया गया है, जिनकी कमान एसपी रैंक के अधिकारियों के हाथों में होगी।
सीमित क्षेत्राधिकार और स्थानीय पुलिस को मदद
चारों विशेष थानों का अपना निर्धारित प्रादेशिक क्षेत्राधिकार होगा। ये थाने न केवल मादक पदार्थों की बड़ी जब्तियों के मामलों की जांच अपने हाथ में लेंगे, बल्कि स्थानीय पुलिस को सहयोग भी प्रदान करेंगे। इसके अलावा, एनडीपीएस एक्ट के तहत पुलिसकर्मियों को विशेष प्रशिक्षण देने और नशे की लत से पीड़ित लोगों के पुनर्वास कार्यक्रमों में मदद करने का काम भी इन थानों द्वारा किया जाएगा।

