

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : Qatar Airways ने घोषणा की है कि वह 22 मार्च से दोहा और कोलकाता के बीच अपनी उड़ान सेवाएं फिर से शुरू करेगी। इससे उन यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी, जो पिछले कुछ समय से कतर और आसपास के क्षेत्रों में फंसे हुए थे।
दरअसल, 28 फरवरी को अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों और उसके बाद ईरान की जवाबी कार्रवाई के चलते क्षेत्र में तनाव बढ़ गया था। इस स्थिति को देखते हुए कतर एयरवेज सहित कई अंतरराष्ट्रीय एयरलाइनों ने सुरक्षा कारणों से अपनी उड़ानें अस्थायी रूप से निलंबित कर दी थीं।
इस बीच संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की प्रमुख एयरलाइंस— Emirates, Etihad Airways, Flydubai और Air Arabia — पहले ही दुबई और अबू धाबी से कोलकाता के लिए अपनी सेवाएं बहाल कर चुकी हैं। इन उड़ानों के फिर शुरू होने के बाद दुबई और अबू धाबी में फंसे कई कोलकाता निवासी वापस लौट पाए।
कतर एयरवेज ने 18 मार्च से दोहा से अपनी सेवाएं दोबारा शुरू कर दी थीं और अब 22 मार्च से कोलकाता-दोहा रूट पर बुकिंग भी खोल दी गई है। इससे दोहा और कतर के अन्य शहरों में फंसे लोगों की वापसी आसान हो जाएगी।
ट्रैवल एजेंट्स के अनुसार, कोलकाता आने वाली उड़ानों में यात्रियों की संख्या अधिक रहने की संभावना है, क्योंकि कई लोग वापसी का इंतजार कर रहे हैं। हालांकि, कोलकाता से दोहा जाने वाली उड़ानों में यात्रियों की संख्या अपेक्षाकृत कम रह सकती है, क्योंकि फिलहाल अधिकांश बुकिंग पहले से फंसे यात्रियों की वापसी से जुड़ी हैं।