फाइल फोटो
कोलकाता सिटी
पूर्व पुलिस अधिकारी शांतनु सिन्हा विश्वास पर 2.89 करोड़ की अवैध वसूली का आरोप
गरियाहाट थाना में मामला दर्ज
एंटी करप्शन एक्ट के तहत नया मामला दर्ज
गरियाहाट थाने में दर्ज हुई एफआईआर
सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता :
पूर्व पुलिस अधिकारी शांतनु सिन्हा विश्वास के खिलाफ अब एंटी करप्शन एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। ईडी के बाद अब गरियाहाट थाने की पुलिस ने भी उनके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि अलग-अलग मौकों पर सुविधाएं दिलाने और प्रभाव का इस्तेमाल करने के एवज में शांतनु सिन्हा विश्वास और उनके परिवार ने कथित तौर पर 2 करोड़ 89 लाख रुपये हासिल किए। पुलिस ने शांतनु के खिलाफ सरकारी अधिकारी रहते हुए कारोबार करने, सबूत मिटाने, अपराधियों को पनाह देने और सरकारी कर्मचारी के पद पर रहते हुए अपराधियों को बचाने की कोशिश करने समेत भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
क्या है पूरा मामला
पुलिस का कहना है कि शांतनु ने अपने पद का कथित तौर पर दुरुपयोग कर पैसे लिए। आरोप के मुताबिक, जय कामदार और सोना पप्पू की मदद से जमीन पर कब्जा कर बड़ी रकम वसूली गई। जांच में यह भी आरोप सामने आया है कि एक कारोबारी की विभिन्न कंपनियों से शांतनु की पत्नी ने कथित तौर पर वेतन के रूप में 74 लाख 36 हजार 198 रुपये लिए। इसके अलावा करीब 82 लाख रुपये की कीमत के दो फ्लैट कथित तौर पर बेनामी रूप में खरीदे जाने का भी आरोप है। पुलिस के अनुसार, प्रभाव का इस्तेमाल कर शांतनु ने अपने बेटे की मेडिकल कॉलेज की फीस के लिए करीब 21 लाख रुपये हासिल किए। वहीं, मुर्शिदाबाद के कांदी में उनके आलीशान मकान के रेनोवेशन पर करीब 62 लाख रुपये खर्च किए जाने का आरोप है। पुलिस का दावा है कि यह रकम कथित तौर पर अवैध तरीके से अर्जित आय से खर्च की गई। पुलिस से जुड़ी समस्याओं को सुलझाने के नाम पर एक कारोबारी से 10 लाख रुपये लेने और एक निजी कॉलेज के माध्यम से कई कंपनियों से करीब 23 लाख रुपये हासिल करने का भी आरोप लगाया गया है। इसके अलावा, जय कामदार की कंपनी से शांतनु के दो बेटों द्वारा 13 लाख रुपये में दो फ्लैट बुक किए जाने का आरोप है। जय की पत्नी से उपहार के तौर पर एक नामी कंपनी का करीब 2 लाख रुपये का बैग लेने का आरोप भी शांतनु पर लगाया गया है। इन आरोपों के आधार पर पुलिस अब शांतनु सिन्हा विश्वास से पूछताछ कर सकती है। जरूरत पड़ने पर उन्हें पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने की संभावना भी जताई गई है। हालांकि, मामले में लगाए गए आरोपों की जांच अभी जारी है।

