मंगलवार को एलेन पार्क मं निरीक्षण करते कोलकाता पुलिस कमिश्नर अजय नंद
मंगलवार को एलेन पार्क मं निरीक्षण करते कोलकाता पुलिस कमिश्नर अजय नंद

पूजा पंडालों में भीड़ नियंत्रण और फायर सेफ्टी प्राथमिकता : सीपी

Published on: 

पुलिस कमिश्नर ने लिया पूजा तैयारियों का जायजा

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता :

दुर्गा पूजा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए कोलकाता पुलिस आयुक्त अजय नंद ने मंगलवार को शहर के प्रमुख पूजा पंडालों का विस्तृत निरीक्षण किया। सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, फायर सेफ्टी और यातायात प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए शुरू हुआ यह आठ-पंडालों का दौरा पार्क स्ट्रीट स्थित एलेन पार्क से शुरू होकर संतोष मित्र स्क्वायर पर समाप्त हुआ। पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को सुगम और परेशानी मुक्त अनुभव प्रदान करना तथा शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

आठ प्रमुख पंडालों की सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

निरीक्षण की शुरुआत सुबह करीब 11 बजे पार्क स्ट्रीट के एलेन पार्क से हुई। इसके बाद पुलिस प्रमुख ने चेतला अग्रणी, सुरुचि संघ, देशप्रिय पार्क, त्रिधारा सम्मिलनी, एकडालिया एवरग्रीन, कॉलेज स्क्वायर और अंत में संतोष मित्र स्क्वायर का दौरा किया। चेतला अग्रणी में उन्होंने अपने वाहन में बैठकर ही सभी प्रबंधों की समीक्षा की। दौरे का उद्देश्य बताते हुए अजय नंद ने कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा और सुचारु आवाजाही मुख्य विषय है। निरीक्षण के दौरान आपातकालीन स्थिति में भीड़ के प्रवेश और निकास (एंट्री-एग्जिट) की योजना, अग्निशमन के उपकरण, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति और पर्यावरण संबंधी दिशा-निर्देशों के पालन को गहराई से परखा गया।

पार्क स्ट्रीट पर संतुलन बनाने पर दिया जोर

एलेन पार्क के निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने इस बात पर जोर दिया कि पार्क स्ट्रीट पर आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों को देखते हुए त्योहार के जश्न और वाहनों की आवाजाही के बीच संतुलन बनाना आवश्यक है। उन्होंने कहा, \"हमारी कोशिश रहेगी कि किसी भी मोड़ पर यातायात बाधित न हो और न ही दर्शनार्थियों को असुविधा का सामना करना पड़े। \"

अप्रत्याशित भीड़ को लेकर सतर्कता

कमिश्नर ने बताया कि तैयारियां संतोषजनक ढंग से चल रही हैं, लेकिन यदि किसी खास पूजा पंडाल का थीम अत्यधिक लोकप्रिय हो जाता है, तो वहां अचानक भारी भीड़ उमड़ सकती है। ऐसी स्थितियों से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन पूजा आयोजकों के साथ मिलकर लगातार रणनीति तैयार कर रहा है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि इस वर्ष कोलकाता पुलिस के अधिकार क्षेत्र में 300 से अधिक नए पूजा पंडालों को शामिल किए जाने की संभावना है, जिसकी अंतिम सूची जल्द जारी की जाएगी।

\"जीरो हैरेसमेंट \" का आश्वासन और महालया की सुरक्षा

सियालदह स्टेशन और मेट्रो से आने वाले श्रद्धालुओं को संतोष मित्र स्क्वायर तक पहुंचने के लिए लंबे बांस के बैरिकेड्स से गुजरने की शिकायतों पर सवाल पूछे जाने पर पुलिस आयुक्त ने कहा कि इस बार दर्शनार्थियों के लिए \"जीरो हैरेसमेंट \" (शून्य परेशानी) की नीति लागू रहेगी। इसके साथ ही, उन्होंने बताया कि 10 अक्टूबर को महालया के अवसर पर ईडन गार्डन्स में आयोजित होने वाले विशेष कार्यक्रमों—जिसमें प्रस्तावित रोड शो और ड्रोन शो शामिल हैं—के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। इस कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री की उपस्थिति भी संभावित है।
सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in