कोलकाता में ‘पुरवोदय लिट फेस्ट-3’ का आगाज, राज्यपाल आर.एन. रवि ने किया उद्घाटन

आठ राज्यों के साहित्यकारों और विचारकों का जुटान, असम के प्रख्यात कवि दिगंत बिस्वा सरमा को मिला पुरवोदय साहित्यिक उत्कृष्टता सम्मान
Kolkata
‘पुरवोदय लिट फेस्ट-3’
Published on: 

कोलकाता : पूर्वी भारत की साहित्यिक, सांस्कृतिक और बौद्धिक विरासत को एक मंच पर लाने के उद्देश्य से इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल एंड कल्चरल स्टडीज (आईएससीएस) की ओर से आयोजित चार दिवसीय ‘पुरवोदय लिट फेस्ट-3’ का शुभारंभ 25 नवंबर को कोलकाता स्थित रवींद्रनाथ टैगोर सेंटर, भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (आईसीसीआर) में हुआ। 28 नवंबर तक चलने वाले इस साहित्यिक महोत्सव की थीम ‘स्वदेश-संस्कृति-स्वाभिमान’ रखी गई है। इसमें पश्चिम बंगाल, ओडिशा, बिहार, झारखंड, त्रिपुरा, असम, सिक्किम और पूर्वी उत्तर प्रदेश के साहित्यकार, विचारक एवं संस्कृतिकर्मी हिस्सा ले रहे हैं।

सत्यजीत रे ऑडिटोरियम में आयोजित उद्घाटन समारोह में पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आर.एन. रवि मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर राज्य के उच्च शिक्षा एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री जगन्नाथ चट्टोपाध्याय, आईसीसीआर के क्षेत्रीय निदेशक मधुरकंकना रॉय तथा आईएससीएस के निदेशक प्रो. अरिंदम मुखर्जी भी मौजूद थे। राज्यपाल ने पुस्तक मेले और विशेष डाक टिकट प्रदर्शनी का भी उद्घाटन किया।

समारोह का प्रमुख आकर्षण असम के प्रसिद्ध कवि, वक्ता एवं साहित्य अकादमी अनुवाद पुरस्कार से सम्मानित दिगंत बिस्वा सरमा को ‘पुरवोदय लिटरेरी एक्सीलेंस अवॉर्ड-III’ प्रदान करना रहा। सरमा डिब्रूगढ़ विश्वविद्यालय में प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस हैं तथा साहित्य अकादमी की सामान्य परिषद और कार्यकारी मंडल के सदस्य भी हैं। उन्हें वर्ष 2020 में श्री अरविंद की पुस्तक ‘द फाउंडेशन्स ऑफ इंडियन कल्चर’ के असमिया अनुवाद के लिए साहित्य अकादमी अनुवाद पुरस्कार मिला था।

आईएससीएस के निदेशक प्रो. अरिंदम मुखर्जी ने कहा कि इस महोत्सव का उद्देश्य पूर्वी भारत की विविध भाषाओं, परंपराओं और सांस्कृतिक विचारों के बीच संवाद का सेतु बनाना है।

महोत्सव के दौरान एआई, साहित्य, कला इतिहास और पूर्वी भारत की साहित्यिक परंपराओं पर परिचर्चाएं होंगी। इसके अलावा पुस्तक मेला, डाक टिकट प्रदर्शनी, कार्यशालाएं, छात्र प्रतियोगिताएं, पूर्वी भारतीय खाद्य महोत्सव और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News