

बकखाली के रिसॉर्ट से पकड़ा गया अभियुक्त
सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : बाघाजतिन विद्यासागर कॉलोनी में बिल्डिंग ढहने के मामले में पुलिस ने प्रमोटर को गिरफ्तार कर लिया है। गुरुवार को फ्रेजरगंज थाने की पुलिस ने बकखाली के एक रिसॉर्ट से अभियुक्त सुभाष राय को पकड़ा है। अभियुक्त को हिरासत में लेने के लिए नेताजीनगर थाने की पुलिस फ्रेजरगंज के लिए रवाना हो गयी। देर रात को पुलिस ने अभियुक्त को अपनी हिरासत में ले लिया। घटना के बाद से अभियुक्त फरार था।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार मंगलवार को दोपहर कोलकाता नगर निगम के वार्ड नं. 99 के विद्यासागर कॉलोनी में एक आवासीय इमारत ढह गई। हादसे में निचली मंजिल लगभग नष्ट हो गई थी। घटना की प्रारंभिक जांच में कोलकाता नगर निगम ने कहा कि बहुमंजिली इमारत बिना अनुमति के बनाई गई थी। प्रमोटर सुभाष राय और आठ निवासियों के खिलाफ पहले ही एफआईआर दर्ज की जा चुकी है। इसमें कहा गया है कि प्रशासन को सूचित किये बिना ही रखरखाव का काम शुरू कर दिया गया। मिट्टी की जांच किए बिना ही 'हाइड्रोलिक जैकिंग' का काम किया जा रहा था। प्रमोटर सुभाष रॉय ने हरियाणा की कंपनी नागरा कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड को यह काम करने के लिए दिया था। इमारत को तोड़ने का काम मंगलवार की रात को शुरू हुआ। इस घटना के बाद से प्रमोटर सुभाष रॉय फरार था। जब पुलिस ने जांच की और उसकी तलाश की तो पता चला कि वह इलाके में नहीं है। उसके मोबाइल फोन पर कॉल करने पर वह स्विच ऑफ बताया गया। हालाँकि, पुलिस ने उसकी तलाश जारी रखी। सूत्रों के अनुसार, सुभाष राय ने बुधवार रात एक बार अपना मोबाइल फोन ऑन किया था। इस तरह जांचकर्ता उसके टॉवर लोकेशन का पता लगाने में सफल हुए। उस सूत्र के अनुसार, सुभाष ने बकखाली स्थित एक रिसॉर्ट में शरण ली है। गुरुवार की सुबह सुंदरवन जिला पुलिस के अंतर्गत फ्रेजरगंज थाने की पुलिस की मदद से उन्होंने होटल की तलाशी ली और अंततः सुभाष राय को हिरासत में ले लिया।