

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : प्रख्यात खगोल भौतिकीविद् प्रो. यशवंत गुप्ता को एम.पी. बिड़ला मेमोरियल अवॉर्ड 2025 से सम्मानित किया गया। यह सम्मान कोलकाता स्थित प्रतिष्ठित एम.पी. बिड़ला तारामंडल में आयोजित एक विशेष समारोह में प्रदान किया गया। प्रो. गुप्ता पुणे स्थित नेशनल सेंटर फॉर रेडियो एस्ट्रोफिजिक्स, टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ फंडामेंटल रिसर्च के विशिष्ट प्रोफेसर एवं केंद्र निदेशक हैं।
सन् 1993 में स्वर्गीय श्री एम.पी. बिड़ला की स्मृति में स्थापित यह द्विवार्षिक पुरस्कार खगोल विज्ञान, खगोल भौतिकी, अंतरिक्ष विज्ञान तथा संबंधित क्षेत्रों में दिए जाने वाले सबसे प्रतिष्ठित सम्मानों में से एक माना जाता है। प्रो. गुप्ता को रेडियो एस्ट्रोनॉमी के क्षेत्र में उनके अग्रणी कार्य तथा अनुसंधान और संस्थागत विकास में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए इस पुरस्कार हेतु चुना गया।
यह पुरस्कार एम.पी. बिड़ला इंस्टीट्यूट ऑफ फंडामेंटल रिसर्च द्वारा प्रदान किया गया, जिसके अधीन एम.पी. बिड़ला तारामंडल संचालित होता है। समारोह में देश के कई प्रमुख वैज्ञानिक, शिक्षाविद् और वैज्ञानिक समुदाय के सदस्य उपस्थित रहे।
संस्थान के मानद सचिव श्री एस.के. डागा ने कहा, “प्रो. गुप्ता का ब्रह्मांड की समझ को आगे बढ़ाने के प्रति समर्पण वास्तव में एम.पी. बिड़ला मेमोरियल अवॉर्ड की भावना को प्रतिबिंबित करता है।”
एम.पी. बिड़ला तारामंडल के क्यूरेटर श्री एस. दत्ता ने कहा, “उनका शोध न केवल वैज्ञानिक अनुसंधान के नए आयाम खोलता है, बल्कि मानव ज्ञान के विस्तार में भी महत्वपूर्ण योगदान देता है। हमें उन्हें यह सम्मान प्रदान करते हुए अत्यंत प्रसन्नता हो रही है।”
पुरस्कार प्राप्त करते हुए प्रो. यशवंत गुप्ता ने कहा, “एम.पी. बिड़ला मेमोरियल अवॉर्ड प्राप्त करना मेरे लिए गर्व और सम्मान की बात है। खगोल विज्ञान जिज्ञासा, सहयोग और निरंतर वैज्ञानिक प्रयासों पर आधारित है, और ऐसे सम्मान वैज्ञानिक अनुसंधान तथा संस्थानों में निरंतर निवेश के महत्व को रेखांकित करते हैं।”
यह समारोह प्रो. गुप्ता के रेडियो एस्ट्रोनॉमी के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान और भारत में प्रमुख वैज्ञानिक पहलों को आगे बढ़ाने में उनके नेतृत्व का उत्सव था।