रश्मिरथी पर्व की तैयारियां पूरी

राजभवन में होगा भव्य नाट्य मंचन
Kolkata
रश्मिरथी पर्व
Published on

कोलकाता : राष्ट्रकवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’ की जयंती एवं उनकी कालजयी कृति ‘रश्मिरथी’ के 75वें वर्ष के अवसर पर 23 सितंबर को ‘रश्मिरथी पर्व’ का आयोजन होगा। इसकी तैयारियों को लेकर बड़ाबाजार लाइब्रेरी के आचार्य विष्णुकांत शास्त्री सभागार में बैठक आयोजित की गई।

कार्यक्रम राष्ट्रकवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’ स्मृति न्यास, दिल्ली के संयोजन एवं लोकभवन, कोलकाता के सहयोग से होगा। बैठक की अध्यक्षता कोल इंडिया के सीवीओ बी.के. त्रिपाठी ने की। आयोजन की रूपरेखा न्यास अध्यक्ष नीरज कुमार के निर्देशन में तैयार की गई।

बैठक में विश्व भारती के प्रो. सुभाष चंद्र राय, डॉ. प्रेम शंकर त्रिपाठी, डॉ. गिरिधर राय, डॉ. सत्य प्रकाश तिवारी, वी.के. तिवारी, जय गोपाल गुप्ता, हिमाद्रि मिश्रा, विनय शर्मा, रवि सिंह, लक्ष्मण केडिया, सुनील मोर, जे.के. भारती और प्रकाश पाण्डेय सहित अनेक साहित्यकार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का आयोजन 23 सितंबर को सुबह 11 बजे वंदे मातरम् सभागार, लोकभवन (राजभवन), कोलकाता में होगा। राज्यपाल आर.एन. रवि मुख्य अतिथि होंगे। मुंबई के प्रसिद्ध रंगकर्मी मुजीब खान के निर्देशन में ‘रश्मिरथी’ का नाट्य मंचन किया जाएगा।

साथ ही स्मारिका ‘मैं विभा-पुत्र, जागरण गान है मेरा’ का लोकार्पण होगा और मुजीब खान को ‘राष्ट्रकवि दिनकर संस्कृति सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा। बैठक का संचालन प्रो. सुभाष चंद्र राय ने तथा धन्यवाद ज्ञापन जय गोपाल गुप्ता ने किया।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in