KMC चुनाव की तैयारी तेज, 4,500 बूथों की सीमाओं की समीक्षा शुरू

नवंबर के अंतिम सप्ताह में चुनाव संभावित
Kolkata
KMC चुनाव की तैयारी तेज
Published on: 

कोलकाता : कोलकाता नगर निगम चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। शनिवार को निगम मुख्यालय में सभी 16 म्यूनिसिपल रिटर्निंग ऑफिसर्स की बैठक हुई। अधिकारियों ने करीब 4,500 मतदान केंद्रों वाले बूथों की सीमाओं की समीक्षा की, ताकि चुनाव के दौरान प्रत्येक बूथ के लिए सही मतदान केंद्र तय किया जा सके।

परिसीमन के बाद बढ़े वार्ड

हाल ही में हुए परिसीमन के बाद KMC में वार्डों की संख्या 144 से बढ़कर 209 हो गई है। ऐसे में प्रत्येक वार्ड के अंतर्गत आने वाले बूथों की सीमाओं को नए सिरे से चिह्नित करना जरूरी हो गया है। अधिकारियों के अनुसार, किसी बूथ में पुनर्गठन के बाद मतदान केंद्र नहीं रहने पर नए स्थान की पहचान की जाएगी।

नवंबर के अंतिम सप्ताह में चुनाव संभावित

KMC चुनाव नवंबर के अंतिम सप्ताह में होने की संभावना है। चुनाव संबंधी अधिसूचना 31 अक्टूबर से पहले जारी हो सकती है। फिलहाल निर्वाचित बोर्ड नहीं है और निगम का संचालन प्रशासक IAS अधिकारी स्मिता पांडे कर रही हैं।

दिसंबर तक नए बोर्ड का लक्ष्य

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने जून में KMC मुख्यालय के दौरे के दौरान कहा था कि निगम में 7 दिसंबर तक नया निर्वाचित बोर्ड गठित हो जाना चाहिए। इसी लक्ष्य को देखते हुए चुनावी तैयारियों के तहत बूथ और मतदान केंद्रों की व्यवस्था को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in