फाइल फोटो
कोलकाता सिटी
प्रेमिका को किस करने की खौफनाक सजा : प्रेमी और उसके पिता को नग्न कर सड़क पर घुमाया
बेहला के सरसुना थाना इलाके की घटना, तीन गिरफ्तार
सोशल मीडिया पर वीडियो हुआ वायरल
सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता :
महानगर के बेहला इलाके से मानवता को शर्मसार करने वाली एक अत्यंत अमानवीय और मध्ययुगीन बर्बरता की घटना सामने आई है। यहां एक नाबालिग लड़की को किस करने के आरोप में एक युवक, उसके पिता और एक अन्य दोस्त को कथित तौर पर बंदूक की नोक पर निर्वस्त्र कर दिया गया। आरोप है कि तीनों को जान से मारने की धमकी दी गई और घर के सामने सार्वजनिक सड़क पर करीब 50 मीटर तक बिना कपड़ों के चलने के लिए मजबूर किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रेमिका के पिता और मामा समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। अभियुक्तों के नाम प्रदीप सरकार, राहुल बर्मन और रिंकू सरकार हैं। सोमवार को तीनों अभियुक्तों को अलीपुर कोर्ट में पेश किया गया। सरकारी वकील ने बताया कि यह एक निंदनीय घटना है। हथियार की नोक पर लोगों को घर के अंदर बंधक बनाकर जान से मारने की धमकी दी गयी थी। अभियुक्तों को पुलिस हिरासत में लेने की जरूरत है। अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद उन्हें 31 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया
क्या है पूरा मामला?
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, घटना रविवार शाम सरसुना थाना क्षेत्र के खुदीरामपल्ली की है। बताया जा रहा है कि 18 वर्षीय युवक खालपार फील्ड के सामने 13 वर्षीय लड़की से मिलने पहुंचा था। उसके साथ 19 साल का एक दोस्त भी मौजूद था। इसी दौरान बातचीत के बीच युवक ने कथित तौर पर नाबालिग लड़की को किस कर लिया। आरोप है कि लड़की के मामा के एक दोस्त ने यह देख लिया और इसकी जानकारी उसके पिता तथा मामा को दे दी। इसके बाद मामला बढ़ गया।
घर बुलाकर की गई कथित प्रताड़ना
आरोप है कि लड़की के पिता प्रदीप सरकार और उसके मामा राहुल बर्मन दोनों युवकों को खुदीरामपल्ली स्थित अपने घर ले गए। वहां मामा ने अपने तीन-चार अन्य दोस्तों को भी बुला लिया। शिकायत के मुताबिक, दोनों युवकों को घर के अंदर काफी देर तक प्रताड़ित किया गया। इसके बाद 18 वर्षीय युवक के पिता को भी वहां बुलाया गया। आरोप है कि लड़की के परिजनों ने तीनों के सिर पर बंदूक तानकर उनके कपड़े उतरवा दिए और जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं, तीनों को घर के सामने सार्वजनिक सड़क पर करीब 50 मीटर तक निर्वस्त्र चलने के लिए मजबूर किया गया।
लोगों का फूटा गुस्सा, घर में तोड़फोड़
इस अमानवीय घटना के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने किशोरी के घर में तोड़फोड़ करने की कोशिश की। स्थिति बिगड़ती देख सरसुना थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। हालात भांपकर किशोरी के पिता और अन्य सदस्य मौके से फरार हो गए, लेकिन गुस्साई भीड़ ने किशोरी के मामा को दबोच लिया और उसकी पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया।

