प्रेमिका की हत्या कर शव तालाब में फेंकने के आरोप में दो गिरफ्तार

प्रेमिका से अनबन होने पर धारदार हथियार से किया था हमला
बारुईपुर थाने की पुलिस गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों को ले जाती हुई
बारुईपुर थाने की पुलिस गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों को ले जाती हुई
Published on

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता

बारुईपुर : बारुईपुर थाना क्षेत्र के धोपागाछी में एक युवती की हत्या की गुत्थी पुलिस ने मात्र 24 घंटे के अंदर ही सुलझा ली। मृतका की पहचान रुकसाना खातुन के रूप में हुई है। वह रायदीघी की श्रीफलतला की रहने वाली थी। पुलिस ने रुकसाना के प्रेमी मेहराज हुसैन मोल्ला को गिरफ्तार कर लिया है। मेहराज विवाहित था। इस हत्या के मामले में सहयोग के आरोप में मेहराज के बड़े भाई महबूब हुसैन को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मिली जानकारी के अनुसार जांच के दौरान बारुईपुर थाने के सब-इंस्पेक्टर अर्घ्य मंडल ने इलाके के विभिन्न सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक संदिग्ध सफेद मारुति ऑल्टो कार नजर आयी, जिसके आधार पर पुलिस ने पहले बड़े भाई मेहबूब और बाद में कोलकाता से उसके भाई मेहराज को पकड़ा। मेहराज के पास से हत्या में प्रयुक्त चाकू तथा सफेद रंग की ऑल्टो कार बरामद की गई। पूछताछ में पता चला कि मेहराज अपनी बेटी के साथ तथा उसका भाई मेहबूब अपने माता-पिता, पत्नी और दो बच्चों के साथ बारुईपुर के पद्मपुकुर स्थित विकास सरकार के मकान में किराये पर रहता था। घटना के दिन 13 अप्रैल की शाम मेहबूब अपने परिवार के साथ एक दावत में चला गया था। घर खाली पाकर रात करीब 9 बजे मेहराज ने अपनी प्रेमिका रुकसाना को घर बुलाया, जहां उसने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद 14 अप्रैल की रात करीब 12:30 बजे दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। विवाद के दौरान मेहराज ने अपने मनी बैग से एक धारदार चाकू निकालकर रूकसाना के गले पर तीन वार कर दिये, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद मेहराज ने महिला के दुपट्टे और घर के अन्य कपड़ों की मदद से फर्श पर फैले खून को साफ किया। इसके बाद उसने शव को रस्सी से बांधकर एक सफेद बोरे में भरकर कमरे के एक कोने में छिपा दिया। रात करीब 1:45 बजे जब मेहबूब अपने परिवार के साथ घर लौटा, तो मेहराज ने उसे पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद दोनों भाइयों ने मिलकर शव को सफेद मारुति ऑल्टो कार में डालकर पद्मपुकुर स्थित किराये के मकान से धोपागाछी के एक तालाब में फेंक दिया। घटना के अगले दिन सुबह मेहबूब अपने परिवार के साथ बकखाली फरार हो गया, जबकि मेहराज अपने ससुराल भाग गया।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in