राखी के बहाने कांग्रेस का सौहार्द का संदेश

सन 1905 के बंग-भंग की दिलाई याद
फ़ाइल फोटो
फ़ाइल फोटो
Published on

कोलकाता : देश विभाजन के इतिहास को नए सिरे से याद करने के भाजपा सरकार के प्रयासों के बीच प्रदेश कांग्रेस ने रक्षाबंधन के जरिए सामाजिक सौहार्द, एकता और भाईचारे का संदेश दिया। गुरुवार को विधान भवन स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में रक्षाबंधन समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान कांग्रेस ने 1905 के बंग-भंग के विरोध में रवींद्रनाथ ठाकुर की भूमिका को भी याद किया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार ने कहा कि सन 1905 में बंग-भंग रोकने के लिए रवींद्रनाथ ठाकुर ने सभी समुदायों के लोगों को एकजुट किया था। उन्होंने कहा, ‘‘आज जब राजनीति में जाति के नाम पर विभाजन की कोशिश हो रही है, तब रक्षाबंधन का संदेश बेहद महत्वपूर्ण है।’’

कार्यक्रम की अध्यक्षता शंकर राय और सुदीप्ता रायचौधरी ने की। कृष्णा देवनाथ, दीप्तिमान घोष, सौरभ घोष, मानस सरकार और तपन अग्रवाल समेत कई नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।

नीट कथित घोटाले और उसके बाद आत्महत्या करने वाले छात्रों की स्मृति में युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के देशव्यापी ‘छात्र की गूंज’ अभियान के समर्थन में कार्यकर्ताओं ने राखियां बांधीं। वहीं, शुभंकर सरकार ने नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा पर चिंता जताते हुए पीड़ितों के साथ खड़े रहने का संदेश दिया।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in