

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : विक्रम सोलर लिमिटेड की बैटरी और ऊर्जा भंडारण इकाई “पावरहाइव” ने अपने प्रमुख ब्रांड “वी-ऑन” को बाजार में पेश किया है। इसके साथ कंपनी ने इलेक्ट्रिक मोबिलिटी और घरेलू ऊर्जा बैकअप के लिए वितरित बैटरी स्टोरेज के क्षेत्र में प्रवेश किया है।
“वी-ऑन” अगली पीढ़ी का “लिथियम-आयन” बैटरी स्टोरेज ब्रांड है। यह रोजमर्रा की बिजली जरूरतों के लिए भरोसेमंद और उच्च-प्रदर्शन समाधान प्रदान करता है। भारत में ऊर्जा के उपयोग के तरीके को ध्यान में रखते हुए इसे तैयार किया गया है। इसमें सुरक्षा, लंबी सेवा अवधि और बार-बार चार्ज-डिस्चार्ज, अलग-अलग लोड तथा चुनौतीपूर्ण परिचालन स्थितियों में स्थिर प्रदर्शन को प्राथमिकता दी गई है। शुरुआती पोर्टफोलियो में तीन श्रेणियों में पांच कमर्शियल बैटरी उत्पाद शामिल हैं जो हैं, इन्वर्टर बैटरियां, इंटीग्रेटेड इन्वर्टर-बैटरी समाधान और ई-रिक्शा बैटरियां।
घरों के लिए पावर बैकअप बैटरी समाधान
घरों के लिए इस पोर्टफोलियो में 1.2 किलोवॉट-घंटा (kWh) से 15 किलोवॉट-घंटा (kWh) तक की बैटरियां शामिल हैं। यह यूपीएस और इन्वर्टर सिस्टम के लिए डिजाइन की गई हैं ताकि बिजली कटौती के दौरान भरोसेमंद सप्लाई सुनिश्चित की जा सके। ये बैटरियां क्रमशः 3 घंटे, 6 घंटे और 12 घंटे से अधिक का बैकअप देती हैं। यानी घरों को लंबे समय तक बिजली की आपूर्ति सुनिश्चित करती हैं।
5 किलोवॉट-घंटा (kWh) से 15 किलोवॉट-घंटा (kWh) तक के पैक बिजली कटौती के दौरान एसी जैसे अधिक बिजली खपत करने वाले उपकरण चलाने के लिए भी इस्तेमाल की जा सकती हैं।
उन्नत तकनीक से बनी ये बैटरियां पारंपरिक बैटरियों की तुलना में लगभग पांच गुना हल्की हैं। इनमें तेज चार्जिंग, लगभग 3000 लाइफ साइकल और 60 महीने तक की वारंटी मिलती है। उपभोक्ताओं को लंबे समय तक बिना चिंता के प्रदर्शन मिलता है। 97% तक की उच्च दक्षता, मेंटेनेंस-फ्री संचालन और पर्यावरण-अनुकूल डिजाइन के साथ वी-ऑन बैटरियां आधुनिक घरों के लिए अधिक स्वच्छ, सुरक्षित और किफायती पावर बैकअप समाधान प्रदान करती हैं।
स्मार्ट होम बैकअप के लिए इंटीग्रेटेड इन्वर्टर-बैटरी
वी-ऑन ने “इंटीग्रेटेड पावरस्टैक 1.0” भी पेश किया है। यह इन्वर्टर और बैटरी का ऑल-इन-वन समाधान है। इसे घरों में पावर बैकअप को सरल और स्मार्ट बनाने के लिए डिजाइन किया गया है।
1.2 किलोवॉट-घंटा (kWh) कॉन्फ़िगरेशन में उपलब्ध यह सिस्टम वॉल-माउंटेड और टेबल-टॉप विकल्पों में आता है। इससे इसे घर में कहीं भी आसानी से लगाया जा सकता है। यह अतिरिक्त जगह नहीं घेरता।
अपने आकर्षक और कॉम्पैक्ट डिजाइन, बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम (बीएमएस) और लंबे समय तक चलने वाली बैटरी के साथ “पावरस्टैक 1.0” बिना मेंटेनेंस के भरोसेमंद बैकअप पावर उपलब्ध कराता है।
ई-रिक्शा के लिए उच्च प्रदर्शन वाली बैटरी
वी-ऑन रेंज में 5 किलोवॉट-घंटा (kWh) की ई-रिक्शा बैटरी भी शामिल है। इसे विशेष रूप से इलेक्ट्रिक रिक्शाओं के लिए तैयार किया गया है। उन्नत LiFePO₄ प्रिज्मैटिक सेल और एआईएस-156 मानक के अनुरूप सुरक्षा संरचना के साथ यह बैटरी व्यावसायिक तीन-पहिया वाहनों के कठिन दैनिक उपयोग को ध्यान में रखकर बनाई गई है। इसके साथ 36 महीने की वारंटी मिलती है।
बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली
कंपनी को पहले ही 100 मेगावॉट-घंटा (MWh) बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (BESS) का ऑर्डर मिल चुका है। यह शुरुआती बाजार मांग और लंबे समय के बड़े क्षमता वाले प्रोजेक्ट हासिल करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति को दर्शाता है।
विक्रम सोलर लिमिटेड के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक ज्ञानेश चौधरी ने कहा, “भारत के स्वच्छ ऊर्जा की ओर तेजी से बढ़ते कदम के साथ ऊर्जा भंडारण विश्वसनीयता, लचीलापन और चौबीसों घंटे बिजली उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। हमारी ‘वी-ऑन’ बैटरी समाधान श्रृंखला का लॉन्च विक्रम सोलर के विकास की दिशा में उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे हम एक सोलर निर्माण कंपनी से एकीकृत स्वच्छ ऊर्जा समाधान प्रदाता की ओर बढ़ रहे हैं। ‘वी-ऑन’ के साथ हम ऊर्जा मूल्य श्रृंखला में अपनी भूमिका का विस्तार कर रहे हैं, ताकि उत्पादन और भंडारण को साथ लाकर अधिक भरोसेमंद, मजबूत और सुलभ स्वच्छ ऊर्जा समाधान उपलब्ध कराए जा सकें।”
वीएसएल पावरहाइव के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अरुण मित्तल ने कहा, “पावरहाइव में हम ऐसे ऊर्जा भंडारण समाधान बनाते हैं जो वास्तविक परिस्थितियों में काम करें, सिर्फ कागज पर नहीं। भारत की बिजली जरूरतें तेजी से बदल रही हैं। भरोसेमंद स्टोरेज अब उत्पादन जितना ही आवश्यक हो गया है।
इसीलिए हमने वी-ऑन, अपनी लिथियम बैटरी ब्रांड, तैयार की है। यह रोजमर्रा और व्यावसायिक उपयोग के लिए बनाई गई है। इसे ग्राहकों की प्रमुख जरूरतों जैसे सुरक्षा, स्थिर प्रदर्शन, लंबी उम्र और भरोसेमंद सेवा समर्थन को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। चाहे घर का बैकअप हो, सौर ऊर्जा भंडारण, ई-मोबिलिटी या छोटे व्यवसायों की बिजली जरूरतें, वी-ऑन को वर्षों तक अनुमानित और स्थिर प्रदर्शन देने के लिए तैयार किया गया है, न कि महीनों के लिए।”
यह लॉन्च विक्रम सोलर की उस रणनीति के अनुरूप है जिसके तहत कंपनी बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (बीईएसएस) और एकीकृत स्वच्छ ऊर्जा समाधान के क्षेत्र में विस्तार कर रही है। कंपनी की व्यापक योजना के तहत वित्त वर्ष 2027 तक 5 गीगावॉट-घंटा (GWh) बीईएसएस निर्माण क्षमता और वित्त वर्ष 2029 तक 7.5 गीगावॉट-घंटा (GWh) बैटरी सेल निर्माण क्षमता विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है।