वीआईपी रोड के गड्ढे बने जानलेवा

बरसात ने उधेड़ी सड़क की परत, बड़ी दुर्घटना की आशंका
Kolkata
बरसात ने उधेड़ी सड़क की परत
Published on

कोलकाता : महानगर की सबसे व्यस्त और महत्वपूर्ण सड़कों में शामिल वीआईपी रोड इन दिनों बदहाल स्थिति में है। लगातार बारिश के बाद सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे और उखड़ी हुई डामर की परत ने वाहन चालकों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

विशेष रूप से कैखाली से एयरपोर्ट और हल्दीराम मोड़ तक का हिस्सा सबसे अधिक प्रभावित है, जहां हर दिन हजारों वाहन धीमी गति से गुजरने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार कैखाली और हल्दीराम क्रॉसिंग के बीच सड़क की ऊपरी परत कई स्थानों पर पूरी तरह उखड़ चुकी है।

बड़े-बड़े गड्ढों के कारण कई जगह वाहनों को एक ही लेन से निकाला जा रहा है, जिससे लंबा ट्रैफिक जाम लग रहा है। दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह मार्ग सबसे अधिक खतरनाक बन गया है, क्योंकि बारिश का पानी गड्ढों को ढक देता है और दुर्घटना का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।

यात्री और स्थानीय लोग लगातार शिकायत कर रहे हैं कि सड़क की मौजूदा स्थिति किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकती है। हाल के दिनों में प्रशासन ने कुछ स्थानों पर पेवर ब्लॉक लगाकर अस्थायी मरम्मत शुरू की है, लेकिन विशेषज्ञों और स्थानीय लोगों का मानना है कि यह केवल तात्कालिक समाधान है।

मानसून समाप्त होने के बाद सड़क का व्यापक पुनर्निर्माण आवश्यक होगा। लोगों का कहना है कि वीआईपी रोड कोलकाता एयरपोर्ट तक पहुंचने का प्रमुख मार्ग है। ऐसे में प्रशासन को केवल अस्थायी कार्य करने के बजाय स्थायी मरम्मत और जल निकासी व्यवस्था में सुधार पर तत्काल ध्यान देना चाहिए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in