पोर्टल की गड़बड़ी से नहीं रुकेगा मिड-डे मील
स्कूल शिक्षा बिभाग ने जारी की निर्देशिका
प्रसेनजीत, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता :
पोर्टल में तकनीकी गड़बड़ी है तो भी स्कूलों में मिड-डे मील नहीं रुकेगा। ''पीएम पोषण'' योजना के तहत विद्यार्थियों को पका हुआ भोजन हर हाल में उपलब्ध कराना होगा। राज्य के स्कूल शिक्षा विभाग ने मंगलवार को इस संबंध में सभी जिलाधिकारियों समेत संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी किया।
शिक्षा विभाग के सचिव की ओर से जारी निर्देशिका में कहा गया है कि पीएम पोषण बच्चों के पोषण के साथ स्कूल छोड़ने की प्रवृत्ति रोकने में भी अहम भूमिका निभाता है। इसलिए किसी प्रशासनिक अथवा तकनीकी समस्या के कारण योजना बाधित नहीं होनी चाहिए।
दरअसल, राज्य के कुछ ब्लॉकों में JIT SNA SPARSH पोर्टल में तकनीकी समस्या के चलते योजना के संचालन में दिक्कत आ रही है। वित्त विभाग समस्या के समाधान में जुटा है और जल्द इसके दूर होने की उम्मीद है। विभाग ने स्पष्ट किया कि योजना के लिए धन की कमी नहीं है।
लिहाजा पोर्टल की तकनीकी समस्या को मिड-डे मील बंद करने का आधार नहीं बनाया जा सकता। योजना का संचालन निर्बाध जारी रखना होगा।

