लैंसडाउन मार्केट के विकास में राजनीति आड़े न आए

मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने किया बाजार का निरीक्षण
Kolkata
मंत्री ने बाजार की मौजूदा स्थिति पर जताई चिंता
Published on

कोलकाता : शहर के प्रमुख बाजारों में शामिल लैंसडाउन मार्केट के लंबे समय से अटके पुनर्विकास को लेकर राज्य की शहरी विकास एवं नगर मामलों की मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने कारोबारियों से सहयोग की अपील की है।

रविवार को बाजार का निरीक्षण करने पहुंचीं मंत्री ने कहा कि बाजार के विकास के लिए सभी पक्षों को राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर काम करना होगा। करीब चार दशक से पुनर्विकास की योजना लंबित है।

मंत्री ने बाजार की मौजूदा स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि शहर के प्रमुख इलाके में स्थित इस बाजार में साफ-सफाई, अतिक्रमण और अवैध कब्जे जैसी समस्याएं हैं। बाजार के आसपास फुटपाथों पर भी कब्जा है।

उन्होंने अधिकारियों को अनधिकृत सामान हटाने और निष्क्रिय दुकानों का इस्तेमाल उन कारोबारियों को देने पर विचार करने का निर्देश दिया, जो फिलहाल सड़क या फुटपाथ पर कारोबार कर रहे हैं।

पुराने ढांचे के साथ नए बाजार की तैयारी

पुनर्विकास के लिए पुराने बाजार का बड़ा हिस्सा पहले ही तोड़ा जा चुका है। ब्रिटिश दौर के ढांचे का एक छोटा हिस्सा अब भी मौजूद है, जहां करीब 20 किराना और जनरल सामान की दुकानें चल रही हैं। वहीं, बाजार के दूसरे हिस्से में पिछले दो दशकों में चरणबद्ध तरीके से तैयार किए गए ढांचे में मांस और मछली की दुकानें संचालित हो रही हैं।


4.5 लाख वर्गफुट का बाजार और ऊपर मॉल की योजना

मंत्री ने पुनर्विकास के मुद्दे पर स्थानीय डेवलपर से भी मुलाकात की। करीब सात बीघा जमीन पर परियोजना विकसित करने का टेंडर मिला था, लेकिन कारोबारी संगठन से जुड़े मामलों और स्थानीय स्तर पर विरोध के कारण काम आगे नहीं बढ़ सका।

डेवलपर के अनुसार प्रस्तावित परियोजना में करीब 4.5 लाख वर्गफुट का जी+9 बाजार और उसके ऊपर मॉल विकसित करने की योजना है। मंत्री के हस्तक्षेप के बाद परियोजना के आगे बढ़ने की उम्मीद जताई गई है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in