प्रीति, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : पश्चिम बंगाल की राजनीति में चुनाव से पहले बयानबाजी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के एक वोट से भी जीतने वाले बयान पर केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने पलटवार करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री और उनका पूरा दल डर में है, इसलिए वे धरने से लेकर हर तरह के कदम उठा रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आगे-आगे देखिए होता है क्या। इसी बीच तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी के उस बयान पर भी राजनीतिक हलचल बढ़ गई, जिसमें उन्होंने कहा था कि भाजपा की ‘परिवर्तन यात्रा’ जहां-जहां से गुजरे, वहां मछली और मांस से उसका स्वागत किया जाए। इसपर बुधवार को सुकांत मजूमदार ने कहा कि अभिषेक बनर्जी मछली और मांस का मुद्दा उठाकर बचने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अभिषेक के ससुराल पक्ष के लोग ही मांस-मछली नहीं खाते, क्या हम इस पर कुछ कह रहे हैं? कौन मछली और मांस खाता है और कौन नहीं, यह पूरी तरह व्यक्तिगत मामला है। सुकांत मजूमदार ने आगे कहा कि बंगाल में कई लोग धार्मिक कारणों से शाकाहारी हैं, जबकि कई लोग नॉन-वेज खाना पसंद करते हैं और इसमें कुछ भी राजनीतिक नहीं है। उन्होंने चुनौती भरे अंदाज में कहा कि यदि कोई मेरी यात्रा में मांस-मछली लेकर आता है, तो वहीं खड़ा रहे हम दोनों मिलकर खाएंगे।