-->

दुर्गा पूजा से पहले सड़कों की मरम्मत तेज करने का पुलिस का आग्रह

दुर्गा पूजा से पहले सड़कें दुरुस्त हों, कोलकाता पुलिस ने केएमसी-पीडब्ल्यूडी से की मांग
Kolkata
कोलकाता की बदहाल सड़कों पर पुलिस की चिंता
Published on

कोलकाता : दुर्गा पूजा के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से कोलकाता पुलिस ने कोलकाता नगर निगम (केएमसी) और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) से शहर की जर्जर सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराने का अनुरोध किया है।

पुलिस का कहना है कि कई स्थानों पर मरम्मत कार्य शुरू हो चुका है, लेकिन पोर्ट क्षेत्र, बेहला और जादवपुर सहित कई इलाकों की सड़कें अब भी अत्यंत खराब स्थिति में हैं। इस संबंध में ट्रैफिक गार्ड के अधिकारियों ने क्षतिग्रस्त सड़कों की सूची तैयार कर केएमसी को भेज दी है।

पुलिस के अनुसार, बिरेन रॉय रोड (पश्चिम) शहर की सबसे खराब सड़कों में शामिल है। सड़क की बदहाल स्थिति से नाराज स्थानीय लोगों ने दो दिन पहले सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया था। इसके चलते बेहला चौरास्ता, ग्रीन फील्ड सिटी और मोयना नगर के बीच ऑटो सेवा भी प्रभावित रही। घटना के बाद पुलिस ने राज्य के मंत्री इंद्रनील खान, केएमसी, महेशतल्ला नगरपालिका तथा लोक निर्माण विभाग को स्थिति से अवगत कराया।

इसके बाद संबंधित एजेंसियों ने सड़क की अस्थायी मरम्मत कर यातायात बहाल कराया। इस बीच लोक निर्माण विभाग ने बेहला बाजार से सटे डायमंड हार्बर रोड पर मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है। वहीं एमजी रोड, केस्टोडांगा रोड, मोतीलाल गुप्ता रोड, तारातल्ला रोड, राजा सुबोध मल्लिक रोड, काशीपुर रोड, कैनाल ईस्ट रोड और कैनाल वेस्ट रोड सहित कई अन्य सड़कों पर भी मरम्मत की आवश्यकता बताई गई है।

कोलकाता पुलिस ने मानसून से पहले ही शहर की क्षतिग्रस्त सड़कों का सर्वेक्षण कर सूची तैयार कर ली थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दुर्गा पूजा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं और दर्शकों की आवाजाही को देखते हुए अच्छी सड़कें यातायात संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

दुर्गा पूजा और रथ यात्रा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने वैकल्पिक यातायात योजना भी तैयार कर लिया है। इसके तहत एनसीसी के कैडेट रथ यात्रा में तैनात होने वाले स्वयंसेवकों को यातायात प्रबंधन का प्रशिक्षण देंगे। साथ ही शहर के सभी 25 ट्रैफिक गार्ड को रथ यात्रा से पहले अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in