

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : अब किसी भी घटना की सूचना मिलने के 5 मिनट के भीतर नहीं, बल्कि मात्र 2 से 3 मिनट के भीतर पुलिस को घटनास्थल पर पहुंचना होगा। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए कोलकाता पुलिस के मुख्यालय लालबाजार ने शहर के सभी थानों के प्रभारियों (OC) को सख्त निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत हर थाने को एक अतिरिक्त ''बाइक टीम'' तैयार रखनी होगी। आपात स्थिति में यातायात को सुगम बनाने के लिए ट्रैफिक पुलिस की मदद भी ली जाएगी। लालबाजार इस बात पर लगातार जोर दे रहा है कि सूचना मिलने के बाद पुलिस कितनी त्वरित गति से प्रतिक्रिया देती है। पुलिस का दावा है कि मुख्य कोलकाता क्षेत्र में रिस्पॉन्स टाइम घटकर पहले ही 5 मिनट तक आ चुका है। वर्तमान व्यवस्था के अनुसार, कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही थाने के ड्यूटी ऑफिसर गश्त कर रही बाइक टीम को सतर्क करते हैं, जो 5 मिनट में मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालती है और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाती है।
थानों में तैयार रहेगी बैकअप बाइक टीम
लालबाजार के अनुसार, किसी भी अपराध या दुर्घटना के बाद पुलिस की त्वरित मौजूदगी बेहद आवश्यक है। इसलिए रिस्पॉन्स टाइम को और घटाकर 2 से 3 मिनट करने के निर्देश दिए गए हैं। हालाँकि, भांगड़ डिविजन, जादवपुर और बेहला जैसे बड़े क्षेत्रफल वाले थानों में भी पुलिस को कम से कम समय में पहुंचने का प्रयास करने को कहा गया है। बैठक के दौरान लालबाजार के वरिष्ठ अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि कोई बाइक टीम पहले से किसी मामले में व्यस्त है और उसी समय दूसरी घटना की सूचना मिलती है, तो थाने में मौजूद दूसरी (बैकअप) बाइक टीम को तुरंत रवाना किया जाएगा। हाल ही में सभी थानों को नई बाइक उपलब्ध कराई गई हैं।
ट्रैफिक पुलिस बनाएगी ''ग्रीन कॉरिडोर''
शहर में लगने वाले जाम से निपटने की रणनीति भी बनाई गई है। यदि जाम के कारण बाइक टीम को पहुंचने में देरी होती है, तो संबंधित थाना तुरंत ट्रैफिक कंट्रोल रूम और लोकल ट्रैफिक गार्ड को सूचित करेगा। इसके बाद ट्रैफिक पुलिस बाइक सवार पुलिसकर्मियों के लिए रास्ता साफ (क्लियर) कराएगी ताकि वे बिना किसी रुकावट के जल्द से जल्द मौके पर पहुंच सकें।