

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : दिल्ली के बाद अब 'कॉकरोच जनता पार्टी' (सीजेपी) के नाम से कोलकाता में जुलूस निकालने की अनुमति मांगने वाला ई-मेल मिलने के बाद कोलकाता पुलिस सतर्क हो गई है। लालबाजार स्थित पुलिस मुख्यालय को भेजे गए इस ई-मेल के बाद खुफिया विभाग ने कथित संगठन से जुड़े लोगों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, 19 जुलाई को कोलकाता पुलिस को एक ई-मेल भेजकर शहर में 'कॉकरोच जनता पार्टी' के कार्यक्रम की अनुमति मांगी गई थी। इसके बाद मंगलवार को फिर एक ई-मेल भेजा गया, जिसमें 24 जुलाई को कॉलेज स्ट्रीट से रानी रासमनी एवेन्यू तक जुलूस निकालने की अनुमति देने का अनुरोध किया गया। ई-मेल में दावा किया गया था कि जुलूस में करीब एक से दो हजार लोग शामिल हो सकते हैं। हालांकि, पुलिस के सामने अभी यह स्पष्ट नहीं है कि ई-मेल भेजने वाला व्यक्ति वास्तव में इस संगठन से जुड़ा है या नहीं। पुलिस ने इस आवेदन पर कोई जवाब नहीं दिया है।
लालबाजार के खुफिया विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि 'कॉकरोच जनता पार्टी' नाम का कोई संगठन वास्तव में कोलकाता में सक्रिय है या नहीं और क्या उसके पास इतने लोगों को जुटाने की क्षमता है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शहर के विभिन्न थानों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। उन्हें यह निगरानी रखने को कहा गया है कि कहीं उनके क्षेत्र में इस नाम से कोई संगठन गतिविधियां तो नहीं चला रहा है या किसी विरोध कार्यक्रम की तैयारी तो नहीं की जा रही है। इस बीच, दिल्ली में 'कॉकरोच' के नाम से हुए विरोध प्रदर्शनों के बाद केंद्रीय खुफिया एजेंसियों ने राज्यों को सतर्क किया है। आशंका जताई गई है कि इस तरह के विरोध प्रदर्शन देश के अन्य हिस्सों में भी फैल सकते हैं। केंद्र ने राज्यों को सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया है।