कोलकाता : महानगर के व्यस्ततम व्यापारिक इलाके बड़ाबाजार के जैक्शन लेन में पुलिस ने सड़क और फुटपाथ पर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ एक विशेष अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान हावड़ा ब्रिज ट्रैफिक गार्ड के अधिकारियों ने सड़क को घेरकर बनाए गए अवैध स्टालों और दुकानों को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से इलाके के अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया।
पैदल चलने वालों के लिए मुसीबत बन गया था अतिक्रमण
स्थानीय निवासियों और दुकानदारों ने पिछले काफी समय से जैक्शन लेन में बढ़ रहे अतिक्रमण के खिलाफ शिकायतें दर्ज कराई थीं। लोगों का गंभीर आरोप था कि फुटपाथ और आधी सड़क पर अवैध कब्जे के कारण इस मार्ग पर पैदल चलना भी दूभर हो गया था। स्थानीय लोगों के मुताबिक, पहले बड़ाबाजार थाने में इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन उस समय कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे प्रमोटरों और अवैध दुकानदारों के हौसले बुलंद थे। बढ़ती जनसमस्या को देखते हुए सोमवार को हावड़ा ब्रिज ट्रैफिक गार्ड के ओसी शौभिक चक्रवर्ती के नेतृत्व में भारी पुलिस बल ने जैक्शन लेन में विशेष अभियान की शुरुआत की। पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर सड़क और फुटपाथ को पूरी तरह से अतिक्रमण मुक्त कराया। पुलिस अधिकारियों ने अवैध कब्जाधारियों को सख्त चेतावनी दी है कि यदि दोबारा सड़क घेरी गई, तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी और सामान जब्त कर लिया जाएगा।
अभियान से व्यापारियों और राहगीरों को मिली राहत
गौरतलब है कि बड़ाबाजार इलाके को जाम और अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए कोलकाता पुलिस लगातार सक्रिय है। जैक्शन लेन से पहले बड़ाबाजार के ही सत्यनारायण पार्क और कैनिंग स्ट्रीट जैसे बेहद भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी पुलिस द्वारा बड़े पैमाने पर अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया जा चुका है। पुलिस की इस मुस्तैदी से स्थानीय राहगीरों और बड़े व्यापारियों ने राहत की सांस ली है।