

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : दक्षिण 24 परगना के विष्णुपुर में दर्ज कथित जबरन वसूली मामले की जांच तेज करते हुए बुधवार को पुलिस ने तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी के पीए सुमित राय के न्यू अलीपुर स्थित आवास पर पहुंचकर नोटिस सौंपी। हालांकि, तलाशी वारंट नहीं होने के कारण पुलिस घर के भीतर प्रवेश नहीं कर सकी। जानकारी के अनुसार बुधवार की शाम करीब 4:20 बजे विष्णुपुर थाने की तीन गाड़ियां बेहला थाने की पुलिस के साथ न्यू अलीपुर स्थित सुमित राय के आवास पर पहुंचीं। पुलिस अधिकारी कुछ देर तक घर के बाहर खड़े रहे और घंटी बजाने के बाद सुमित राय की मां बाहर आईं। इसके बाद पुलिस ने उनसे बातचीत की और विष्णुपुर थाने की ओर से जारी नोटिस परिवार को सौंप दी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक सुमित राय के खिलाफ पहले से ही लुकआउट नोटिस जारी है और उन्हें फरार माना जा रहा है। इससे पहले शालबनी थाने की पुलिस भी एक कथित धोखाधड़ी के मामले में उनकी तलाश में अभिषेक बनर्जी के आवास तक पहुंची थी।
रिसॉर्ट मालिक की शिकायत पर दर्ज हुई एफआईआर
यह मामला विष्णुपुर में आयोजित 'सेवाश्रय' शिविर से जुड़ा है। आरोप है कि शिविर के लिए एक रिसॉर्ट किराए पर लिया गया था, लेकिन उसका भुगतान नहीं किया गया। साथ ही रिसॉर्ट मालिक पर 20 से 25 लाख रुपये की कथित वसूली का दबाव भी बनाया गया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि कई दिनों तक रिसॉर्ट के कई कमरे कब्जे में रखे गए, लेकिन उनका किराया भी नहीं चुकाया गया। रिसॉर्ट मालिक की लिखित शिकायत के आधार पर दर्ज एफआईआर में अभिषेक बनर्जी, उनके पीए सुमित राय तथा विष्णुपुर के तृणमूल विधायक गौतम मंडल सहित कई लोगों के नाम शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और इसी सिलसिले में सुमित राय के आवास पर नोटिस देने की कार्रवाई की गई। चूंकि पुलिस के पास तलाशी वारंट नहीं था, इसलिए अधिकारियों ने केवल नोटिस देकर लौटना उचित समझा।