तारातला हादसा : एसआईटी ने बिचौलिए के घर की तलाशी ली, दस्तावेज बरामद

केएमसी ने पुलिस को सौंपा बिल्डिंग प्लान
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

कोलकाता : तारातला हादसे की जांच कर रही विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने मंगलवार को गिरफ्तार बिचौलिए अब्दुल हमीद के आवास पर छापेमारी की। इस हादसे में अब तक 16 लोगों की मौत हो चुकी है। पुलिस के अनुसार, छापेमारी के दौरान जांच अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है। इस बीच, कोलकाता नगर निगम ने दुर्घटनाग्रस्त गोदाम का स्वीकृत बिल्डिंग प्लान लालबाजार स्थित जांच अधिकारियों को सौंप दिया है। एसआईटी ने इस योजना को तकनीकी परीक्षण के लिए जादवपुर विश्वविद्यालय के विशेषज्ञों के पास भेज दिया है। जांच टीम ने केएमसी और श्यामा प्रसाद मुखर्जी पोर्ट ट्रस्ट को लिखित अनुरोध भेजकर संबंधित भूमि के स्वामित्व संबंधी दस्तावेज, भवन स्वीकृति की फाइलें तथा यह जानकारी मांगी है कि निर्माण से पहले भूमि की मिट्टी की जांच (सॉयल टेस्ट) कराई गई थी या नहीं।

इस मामले में पुलिस पहले ही गोदाम के मालिक शंभुनाथ बेहरा और कोलकाता के पूर्व मेयर फिरहाद हकीम के पूर्व विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी) कालीचरण बनर्जी को गिरफ्तार कर चुकी है। जांच अधिकारियों का दावा है कि पूछताछ के दौरान दोनों आरोपी महत्वपूर्ण जानकारियां छिपा रहे हैं। एसआईटी, बेहरा ब्रदर्स के कार्यालय से जब्त दस्तावेजों की भी जांच कर रही है, ताकि भूमि लीज दिलाने की प्रक्रिया में अन्य बिचौलियों की संभावित भूमिका का पता लगाया जा सके। साथ ही परियोजना की समय-सीमा और निर्माण कार्य पूरा करने के लिए निर्धारित अवधि की भी पड़ताल की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान कालीचरण बनर्जी ने उस व्यक्ति का नाम बताने से इनकार कर दिया, जिसने गोदाम की परियोजना को मंजूरी दिलाने के निर्देश दिए थे। जांच एजेंसी अब दस्तावेजों का सत्यापन करने के साथ-साथ आरोपियों के बीच हुए वित्तीय लेन-देन की भी गहन जांच कर रही है।


Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in