मतदाता सूची, चुनाव और त्योहारों से पहले राज्य में सुरक्षा कड़ी

डीजी ने पुलिस अधिकारियों को केंद्रीय बलों के साथ तालमेल बढ़ाने को कहा
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

कोलकाता : राज्य में सेंट्रल फोर्स की तैनाती से पहले राज्य पुलिस के कार्यवाहक डीजी पीयूष पांडे ने पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट और सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी जिलों, पुलिस डिस्ट्रिक्ट और कमिश्नरेट को सुनिश्चित करने को कहा है कि सेंट्रल फोर्स की तैनाती समय पर हो तथा मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुसार रूट मार्च कराया जाए। शुक्रवार को आयोजित वर्चुअल बैठक में डीजी पांडे ने सभी पुलिस अधीक्षकों को इस मामले में विशेष सतर्कता बरतने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसी कोई शिकायत नहीं आनी चाहिए कि केंद्रीय बलों को निष्क्रिय बैठाकर रखा गया है या उन्हें गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि राज्य पुलिस और सेंट्रल फोर्स के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जाए, ताकि कानून-व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रहे।

बैठक में डीजी ने आगामी डोल यात्रा और होली पर्व के मद्देनजर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति को पहले ही रोकना प्राथमिकता होनी चाहिए। यदि किसी संभावित तनाव या गड़बड़ी की पूर्व सूचना मिलती है तो तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की जाए। वहीं, चुनावी माहौल को देखते हुए पूरे राज्य में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। शनिवार को मतदाता सूची जारी होने और निर्वाचन आयोग के कार्यक्रमों के साथ-साथ त्योहारों के मद्देनजर व्यापक तैयारी की गई है। राज्य पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी निर्देश में डीजी और आईजीपी (लॉ एंड ऑर्डर) ने सभी सशस्त्र बटालियनों को अधिकतम सतर्कता बरतने और हर परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा है। सूत्रों के मुताबिक नवान्न से जिलों में नजर रखी जायेगी। जिलों में कंट्रोल रूम में लगातार सम्पर्क रहेगा।


संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in