

हावड़ा : हावड़ा जिले के बाली इलाके में मतदान खत्म होने के बाद भी तनाव कम नहीं हुआ। बुधवार शाम ईवीएम मशीनों को मतदान केंद्र से बाहर निकालने के दौरान अचानक हालात बिगड़ गए और इलाके में भारी हंगामा शुरू हो गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और केंद्रीय बलों को लाठीचार्ज करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, दिनभर मतदान प्रक्रिया कुल मिलाकर शांतिपूर्ण रही लेकिन शाम को जब सोहनलाल देवरालिया बालिका विद्यालय परिसर से ईवीएम को बाहर ले जाया जा रहा था, उसी समय स्कूल के बाहर विभिन्न राजनीतिक दलों के सैकड़ों कार्यकर्ता और समर्थक जमा हो गए। प्रशासन की ओर से बार-बार भीड़ हटाने की अपील की गई, लेकिन इसका कोई असर नहीं हुआ। ईवीएम को बाहर ले जाते समय भीड़ में धक्का-मुक्की और जोरदार हंगामा शुरू हो गया। हालात बिगड़ते देख पुलिस और केंद्रीय बलों ने सख्ती दिखाई और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया। लाठीचार्ज के बाद कुछ ही समय में स्कूल परिसर खाली हो गया और स्थिति धीरे-धीरे नियंत्रण में आ गई। घटना के बाद किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ईवीएम की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और स्थिति को संभालने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए। इससे पहले सुबह भी बाली विधानसभा क्षेत्र के एक बूथ पर ईवीएम में खराबी आने से मतदान प्रक्रिया प्रभावित हुई थी, जिससे कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई थी। वहीं, तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार कैलाश मिश्रा ने केंद्रीय बलों पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए कहा कि वे एक विशेष राजनीतिक दल के हित में काम कर रहे हैं। घटना के बाद क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गरमा गया है।