अपहरण की कोशिश और जबरन हस्ताक्षर कराने के मामले में FIR का आदेश

पर्णश्री थाने को कोर्ट का निर्देश, पीड़ित ने पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का लगाया आरोप
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : पर्णश्री थाना पुलिस को एक कथित अपहरण की कोशिश के मामले में एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दिया गया है। कोर्ट का यह आदेश पर्णश्री पल्ली निवासी मानस ढाली की ओर से दायर याचिका पर सुनवाई के बाद दिया गया है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि कुछ लोगों ने उसका अपहरण करने की कोशिश की और उससे जबरन खाली कागजों पर हस्ताक्षर करवाए गए। ढाली ने अदालत में शिकायत की थी कि घटना के बाद उन्होंने पुलिस से संपर्क किया, लेकिन उनकी शिकायत पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद उन्होंने अदालत का रुख किया।

क्या है पूरा मामला

याचिका के अनुसार, घटना इसी साल 11 मई को तारातला इलाके के ब्रेस ब्रिज के पास हुई थी। पीड़ित का आरोप है कि वह ब्रेस ब्रिज रेलवे स्टेशन इलाके से जिंजिरा बाजार लोहा पुल क्रॉसिंग की ओर जा रहा था, तभी मुख्य आरोपी ने अपने करीब 10 साथियों के साथ उसे रोक लिया। आरोप है कि गिरोह ने पहले उसे धमकाया और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की। याचिका में दावा किया गया है कि इस दौरान मुख्य आरोपी ने अपने दो सहयोगियों को फोन कर बुलाया, जिन्होंने कथित रूप से गिरोह को पीड़ित को जान से मारने का निर्देश दिया।

गाड़ी में जबरन बैठाने का आरोप

पीड़ित ने अदालत को बताया कि आरोपियों ने उसे काबू में कर एक तैयार खड़ी गाड़ी में जबरन बैठाने की कोशिश की। इसी दौरान आरोपियों ने उससे तीन खाली सफेद कागजों पर हस्ताक्षर भी करवाए। ढाली की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे, जिसके बाद कथित अपहरण की कोशिश नाकाम हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से पीड़ित ने तुरंत पर्णश्री थाने को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पीड़ित के साथ कुछ संदिग्धों को थाने ले गई।

पीड़ित का आरोप है कि थाने पहुंचने के बाद भी मामला खत्म नहीं हुआ। उसने दावा किया कि फोन पर निर्देश देने वाले दो अन्य आरोपी भी वहां पहुंचे और उसे खुलेआम धमकी दी। सूचना मिलने पर पीड़ित की पत्नी भी थाने पहुंची। हालांकि, पर्णश्री पुलिस ने धमकी देने के आरोपों से इनकार किया है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल लोगों को जांच में शामिल होने के लिए नोटिस जारी की जा रही है। पुलिस ने इसे आपसी रंजिश का मामला बताते हुए कहा कि इसे बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है।


Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in