धनतेरस से कालीपूजा तक कोलकाता की सड़कों पर बढ़ेगी पुलिस की तैनाती

6 से 8 नवंबर तक विशेष व्यवस्था, सुबह से ही संभालेंगे मोर्चा
Kolkata
कोलकाता की सड़कों पर बढ़ेगी पुलिस की तैनाती
Published on: 

कोलकाता : धनतेरस, दीपावली और कालीपूजा के दौरान शहर में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए कोलकाता ट्रैफिक पुलिस ने विशेष यातायात व्यवस्था की तैयारी की है। आगामी 6 नवंबर से 8 नवंबर तक मध्य कोलकाता के विभिन्न इलाकों में अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।

खास बात यह है कि इस बार पुलिसकर्मी केवल शाम के व्यस्त समय में ही नहीं, बल्कि सुबह से ही यातायात व्यवस्था संभालेंगे। पुलिस का उद्देश्य बाजारों, पूजा पंडालों और प्रमुख सड़कों पर जाम की स्थिति को नियंत्रित करना है।

कई प्रमुख सड़कों पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित

धनतेरस और कालीपूजा के दिन यानी 6 और 8 नवंबर को शाम 4 बजे से यातायात की स्थिति के अनुसार कई मार्गों पर वाहनों की आवाजाही बंद या नियंत्रित की जा सकती है। पार्किंग को लेकर भी विशेष निर्देश जारी किए गए हैं।

एमहर्स्ट स्ट्रीट, एसएन बनर्जी रोड और प्रिंस अनवर शाह रोड पर वाहनों की पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी। प्रमुख कालीपूजा आयोजनों के आसपास अस्थायी पार्किंग स्थलों में भीड़ के दबाव के अनुसार प्रति घंटे बदलाव किया जा सकता है।

कालीघाट मंदिर के आसपास विशेष प्रतिबंध

कालीघाट मंदिर में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए मंदिर के आसपास की सड़कों पर सुबह 5 बजे से 11 बजे तक तथा शाम 5 बजे से यातायात बंद रहेगा। वहीं, शाम के समय सुखिया स्ट्रीट और एमहर्स्ट स्ट्रीट क्रॉसिंग पर भी वाहनों की आवाजाही रोक दी जाएगी। इन इलाकों में आने-जाने वाले लोगों को वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करना पड़ सकता है।

5 नवंबर की रात से लागू हो सकता है प्रतिबंध

यातायात व्यवस्था के तहत कलाकार स्ट्रीट को 5 नवंबर की रात 9 बजे से 8 नवंबर तक बंद रखने की संभावना है। इसके अलावा बंकिम चटर्जी स्ट्रीट, श्यामा चरण डे स्ट्रीट और टॉलीगंज रोड पर भी यातायात नियंत्रित किया जाएगा।

पुलिस के अनुसार, सड़कों पर भीड़ और वाहनों के दबाव को ध्यान में रखते हुए प्रतिबंधों तथा पार्किंग व्यवस्था में आवश्यक बदलाव किए जा सकते हैं। ऐसे में त्योहारों के दौरान वाहन चालकों और आम नागरिकों को घर से निकलने से पहले यातायात संबंधी निर्देशों का ध्यान रखने की सलाह दी गई है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News