पूजा से पहले गरियाहाट में अवैध पार्किंग पर पुलिस की सख्ती

पार्किंग की सीमित जगह बनी चुनौती, पंडालों के आसपास बढ़ेगी निगरानी
Kolkata
अवैध पार्किंग पर पुलिस की सख्ती
Published on: 

कोलकाता : दुर्गापूजा से पहले गरियाहाट इलाके में यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने और पार्किंग के नाम पर कथित वसूली पर रोक लगाने के लिए कोलकाता ट्रैफिक पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है।

आर.बी. एवेन्यू और अमीर अली एवेन्यू समेत आसपास के इलाकों में पुलिस की टीम अवैध पार्किंग हटाने के साथ-साथ नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई कर रही है। सूत्रों की माने तो पूजा से पहले साउथ-ईस्ट ट्रैफिक गार्ड को रोजाना डायल-100 पर यातायात से जुड़ी करीब 10 से 15 शिकायतें मिल रही हैं।

इनमें घरों के प्रवेश मार्ग को अवैध पार्किंग से बाधित करने, पार्किंग के नाम पर वसूली और वाहन खड़ा करने के दौरान तेज या लापरवाही से गाड़ी चलाने जैसी शिकायतें शामिल हैं। अभियान में रोजाना करीब 30 से 40 अवैध पार्किंग के मामले सामने आ रहे हैं।

पुलिस के मुताबिक आर.बी. एवेन्यू में ट्रायंगलर पार्क से बिजन सेतु की ओर जाने वाले हिस्से में अवैध पार्किंग को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। इलाके में फ्लाईओवर के नीचे दोनों ओर करीब 90 और मुख्य सड़कों पर लगभग 180 पार्किंग स्लॉट हैं, लेकिन पूजा के दौरान बढ़ने वाली भीड़ के मुकाबले यह व्यवस्था सीमित है।

पार्किंग की जगह खाली होने का इंतजार कर सड़क पर वाहन खड़ा करने वालों पर भी कार्रवाई की जा रही है। दुर्गापूजा आयोजकों की मांग को देखते हुए पुलिस पहले से वैकल्पिक पार्किंग स्थलों की पहचान कर रही है।

लालबाजार के अनुसार मध्य और दक्षिण कोलकाता के कम से कम सात प्रमुख पूजा पंडालों में इस वर्ष दर्शकों की संख्या में करीब 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का अनुमान लगाया जा रहा है। पार्क स्ट्रीट, चेतला-अलीपुर, किडरपुर, बेहला और संतोषपुर जैसे इलाकों में वाहन और पैदल यात्रियों की आवाजाही के बीच संतुलन बनाए रखना पुलिस के लिए प्रमुख चुनौती होगी।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in