चार्जशीट में देरी पर पुलिस कमिश्नर सख्त, थाना प्रभारियों से मांगा हर केस का अपडेट

सीपी ने पीटीएस में की वार्षिक क्राइम कांफ्रेंस
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

दीपक,सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : केस की जांच में देरी और आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने को लेकर कोलकाता पुलिस कमिश्नर अजय नंद ने थानों के ओसी (ऑफिसर-इन-चार्ज) और खुफिया विभाग के अधिकारियों से जवाब मांगा। गुरुवार को पीटीएस में आयोजित बैठक में शहर में अपराध की स्थिति और लंबित मामलों की समीक्षा की गई। बैठक के दौरान पुलिस कमिश्नर और लालबाजार के वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रेजेंटेशन के जरिए पिछले कुछ महीनों में हुए अपराधों का विश्लेषण किया। इस दौरान सभी थानों से पूछा गया कि किन मामलों में अब तक चार्जशीट दाखिल नहीं हुई है और किन मामलों में आरोपी अभी तक गिरफ्तार नहीं किए गए हैं। पुलिस कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी मामलों में जांच प्रक्रिया जल्द पूरी कर चार्जशीट दाखिल की जाए और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।

हत्या, दुष्कर्म और लूट के मामलों की निगरानी करेंगे एसी रैंक अधिकारी

बैठक में फैसला लिया गया कि अब हत्या, दुष्कर्म, डकैती और लूट जैसे गंभीर मामलों की जांच की निगरानी असिस्टेंट कमिश्नर (एसीपी) रैंक के अधिकारी करेंगे। संबंधित थाने के ओसी या इंस्पेक्टर जांच में उनकी सहायता करेंगे।

एसीपी रैंक के अधिकारी इन मामलों में दाखिल होने वाली चार्जशीट की भी समीक्षा करेंगे, ताकि मुकदमे तेजी से आगे बढ़ सकें और दोषियों को सजा दिलाने की प्रक्रिया में तेजी आए।

POCSO मामलों में 60 दिनों के अंदर चार्जशीट का निर्देश

पुलिस कमिश्नर ने नाबालिगों के यौन उत्पीड़न से जुड़े मामलों और पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज मामलों की जांच में तेजी लाने का निर्देश दिया है। इन मामलों की जांच पुलिस अधिकारियों को खुद करनी होगी, ताकि 60 दिनों के भीतर चार्जशीट दाखिल की जा सके।

साइबर अपराधों पर भी कसा शिकंजा

साइबर अपराधों की जांच को मजबूत करने के लिए भी दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। आईटी एक्ट के तहत दर्ज मामलों की जांच साइबर थानों द्वारा की जाएगी, जबकि खुफिया विभाग इन मामलों की निगरानी करेगा, ताकि आरोपियों तक पहुंचने में आसानी हो। लालबाजार ने प्रत्येक डिवीजन में साइबर थाना स्थापित करने की तैयारी तेज करने का निर्देश दिया है।

सिविक वॉलंटियर नहीं, अब कांस्टेबल संभालेंगे कंप्यूटर से जुड़े काम

बैठक में पुलिस कमिश्नर ने थानों में कंप्यूटर से जुड़े कार्यों के लिए तैनात सिविक वॉलंटियर की जगह कांस्टेबलों को जिम्मेदारी देने का निर्देश दिया है। कई थानों में कंप्यूटर संबंधी काम सिविक वॉलंटियर संभाल रहे थे ।

घर में चोरी की घटनाओं पर नजर, नौकरानियों का रिकॉर्ड अपडेट होगा

बैठक में शहर में बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर भी चर्चा हुई। लालबाजार अधिकारियों ने बताया कि हाल के महीनों में घरों के अंदर चोरी की घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है। इनमें घरेलू सहायिकाओं द्वारा चोरी कर फरार होने के कई मामले सामने आए हैं। इसे देखते हुए सभी थानों के ओसी को घरेलू सहायिकाओं और नौकरों से संबंधित रिकॉर्ड दोबारा अपडेट करने और निगरानी बढ़ाने का निर्देश दिया गया है। पुलिस अब पुराने रिकॉर्ड के आधार पर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेगी।


Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in