रिसॉर्ट में उड़ाता रहा चोरी के पैसे, घर की चोरकोठरी में छिपा मिला 35 लाख का राज

इकबालपुर में घर से 35 लाख के गहने हुए थे चोरी
अभियुक्त के पास से बरामद गहने
अभियुक्त के पास से बरामद गहने
Published on

दीपक, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : इकबालपुर में हुई करीब 35 लाख रुपये के सोने के गहनों और चार लाख रुपये नकद की चोरी का लालबाजार पुलिस ने खुलासा कर दिया है। चोरी के बाद आरोपी आलीशान रिसॉर्ट में कारोबारी बनकर रह रहा था और वहां दोस्तों के साथ मौज-मस्ती में लाखों रुपये खर्च कर चुका था। पुलिस ने आरोपी आसिफ हुसैन (21) को गिरफ्तार कर उसके घर की गुप्त जगह से चोरी के अधिकांश गहने बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, आसिफ ने चोरी के बाद राजारहाट स्थित एक नामी रिसॉर्ट में ठिकाना बना लिया था। वहां वह खुद को कारोबारी बताकर कई लोगों के साथ समय बिता रहा था। पिछले कुछ दिनों में उसने करीब चार लाख रुपये खर्च कर दिए थे।

घर बंद कर गए थे दंपति, लौटे तो खुली मिली अलमारी

पुलिस ने बताया कि इकबालपुर के एमएम अली रोड निवासी एक दंपति घर के दरवाजे पर ताला लगाकर काम पर गए थे। शाम को लौटने पर उन्होंने देखा कि बाहर का ताला तो बंद था, लेकिन घर के अंदर अलमारी खुली हुई थी। जांच में पता चला कि अलमारी से 201 ग्राम सोने के गहने और चार लाख रुपये नकद गायब हैं। चोरी हुए गहने और नकदी दंपति की नवविवाहिता बेटी के थे। शादी के बाद बेटी अपने पति के साथ कनाडा चली गई थी और उसने अपने गहने व पैसे माता-पिता के पास सुरक्षित रखे थे।

चोरी के बाद कनाडा में शुरू हुआ पारिवारिक विवाद

पुलिस के मुताबिक, कनाडा में रहने वाले नवविवाहिता के पति को जब चोरी की जानकारी मिली तो उसने अपने ससुराल वालों पर ही शक जताया। इसको लेकर दंपति के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि नवविवाहिता रोते हुए कनाडा से कोलकाता लौट आई। इसके बाद परिवार की ओर से इकबालपुर थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई गई। मामले की जांच लालबाजार के डिटेक्टिव डिपार्टमेंट की चोरी रोधी शाखा को सौंपी गई। पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी की फुटेज की जांच के बाद पूर्वी कोलकाता के इंटाली इलाके के बीबी बागान निवासी आसिफ हुसैन की पहचान की।

रिसॉर्ट में चला चोर-पुलिस का खेल

जांच में पुलिस को पता चला कि आरोपी राजारहाट के एक रिसॉर्ट में छिपा हुआ है। जब जासूसों ने वहां पहुंचकर उसे पकड़ने की कोशिश की तो आरोपी एक विला से दूसरे विला में भागने लगा। कुछ देर तक रिसॉर्ट में चोर-पुलिस का खेल चलता रहा, लेकिन आखिरकार पुलिस ने उसे एक विला से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि चोरी की पूरी नकदी वह खर्च कर चुका है। हालांकि, शुरुआती पूछताछ में उसने गहनों के बारे में जानकारी नहीं दी।

घर की गुप्त जगह से मिले सोने के गहने

इसके बाद सोमवार को पुलिस ने आरोपी के घर की तलाशी ली। घर के अंदर बनी एक गुप्त जगह से 172 ग्राम सोने के गहने बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, आरोपी इसी जगह पर नशा भी करता था और चोरी के गहनों को बेचने की योजना बना रहा था।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in