न्यू मार्केट में अवैध कब्जे पर पुलिस की कार्रवाई

फुटपाथ और सड़क से हटाए गए हॉकर
Kolkata
Picasa
Published on

कोलकाता : शहर के प्रमुख व्यावसायिक इलाके न्यू मार्केट में शनिवार को पुलिस ने अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। SS Hogg Market Traders Association की ओर से न्यू मार्केट थाने में शिकायत और ज्ञापन दिए जाने के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की।

व्यापारियों ने आरोप लगाया था कि कुछ हॉकरों ने फुटपाथ के साथ-साथ सड़क के हिस्सों पर भी कब्जा कर लिया है, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा था।

बर्ट्राम स्ट्रीट और लिंडसे स्ट्रीट पर चला अभियान

जानकारी के अनुसार न्यू मार्केट ताने की पुलिस टीम ने बर्ट्राम स्ट्रीट और लिंडसे स्ट्रीट पहुंचकर फुटपाथ और सड़क की जगह पर कथित तौर पर अवैध रूप से दुकान लगाने वाले हॉकरों को हटाया। पुलिस ने बर्ट्राम स्ट्रीट स्थित गेट के आसपास से भी अतिक्रमण हटाया।

कार्रवाई के दौरान पुलिसकर्मियों ने फुटपाथ पर रखे सामान को हटाया, जिससे कुछ हॉकर असमंजस में नजर आए।

वहीं व्यापारियों ने पुलिस की इस कार्रवाई का स्वागत किया, लेकिन साथ ही अभियान को लगातार जारी रखने की मांग भी उठाई। उनका कहना है कि पहले भी अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाए गए, लेकिन कुछ समय बाद दोबारा फुटपाथ पर कब्जा हो गया।

व्यापारियों ने स्थायी समाधान और नियमित निगरानी की मांग की

न्यू मार्केट के एक व्यापारी ने कहा कि केवल एक-दो बार की कार्रवाई से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। पुलिस को नियमित निगरानी रखनी होगी, ताकि हटाए गए स्थानों पर दोबारा अतिक्रमण न हो सके। न्यू मार्केट जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में फुटपाथ और सड़क पर कब्जे से पैदल चलने वालों तथा वाहन चालकों दोनों को परेशानी होती है।

पुलिस की यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब न्यू मार्केट क्षेत्र में फुटपाथों और सार्वजनिक स्थानों पर अवैध कब्जे को लेकर व्यापारियों की शिकायतें सामने आई थीं। अभियान का मुख्य उद्देश्य बाजार क्षेत्र में आवागमन को सुचारु करना और सार्वजनिक जगहों को अतिक्रमण से मुक्त कराना रहा।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in