

सिलीगुड़ी : सिलीगुड़ी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘रोड शो’ किया। इस दौरान उनकी एक मानवीय तस्वीर भी सामने आई, जब उनके काफिले के ठीक पीछे फंसी एक एंबुलेंस को तुरंत रास्ता दिया गया और वह बिना किसी देरी के आगे निकल गई। प्रधानमंत्री शनिवार को लगातार तीन चुनावी जनसभाओं को संबोधित करने के बाद सिलीगुड़ी पहुंचे। जानकारी के अनुसार, वे शनिवार की रात सिलीगुड़ी में ही ठहरेंगे और रविवार को यहां एक बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे। बागडोगरा हवाई अड्डे पर उतरने के बाद प्रधानमंत्री सड़क मार्ग से अपने होटल की ओर रवाना हुए। इसी दौरान रास्ते के दोनों ओर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और भाजपा कार्यकर्ता उनकी एक झलक पाने के लिए जमा हो गए। भारी भीड़ के चलते यह सफर एक तरह से ‘अनौपचारिक रोड शो’ में बदल गया। इस बीच काफिले के पीछे एक एंबुलेंस फंस गई थी, लेकिन स्थिति को देखते हुए उसे तुरंत रास्ता दिया गया। प्रधानमंत्री की गाड़ी के पास से ही एंबुलेंस को निकाल दिया गया, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। उल्लेखनीय है कि रविवार को सिलीगुड़ी के कावाखाली मैदान में भाजपा की जनसभा प्रस्तावित है। उससे पहले ही शनिवार को सड़कों पर प्रधानमंत्री के स्वागत में उमड़ी भीड़ ने माहौल को पूरी तरह चुनावी बना दिया। यह पहली बार नहीं है जब सिलीगुड़ी में प्रधानमंत्री का सफर ‘रोड शो’ में तब्दील हुआ हो। इससे पहले 9 मार्च 2024 को भी कावाखाली में आयोजित सभा के दौरान बागडोगरा से कावाखाली तक करीब 6-7 किलोमीटर की दूरी तय करने में उन्हें लगभग 45 मिनट का समय लगा था। उस समय भी सड़कों पर इसी तरह का जनसैलाब उमड़ा था। शनिवार को एक बार फिर वही नजारा देखने को मिला, जो यह दर्शाता है कि चुनावी माहौल अपने चरम पर पहुंच चुका है।