गिरफ्तार अभियुक्त
कोलकाता सिटी
फर्जी हस्ताक्षर कर 1.50 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी, व्यवसाई गिरफ्तार
बड़ाबाजार थाना इलाके की घटनासन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता :
फर्जी हस्ताक्षर कर भाई के साथ 1.50 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी करने के आरोप में बड़ाबाजार थाने की पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी का नाम पवन भीमसारिया बताया गया है। वह जोड़ासांको के ताराचंद दत्ता स्ट्रीट का रहनेवाला हैं। गुरुवार को पुलिस ने आरोपी को बैंकशाल अदालत में पेश किया। मामले की सुनवाई के दौरान सरकारी वकील ने अदालत को बताया कि आरोपी पर चेक पर फर्जी हस्ताक्षर के जरिए करीब 1.50 करोड़ रुपये की जालसाजी करने का गंभीर आरोप है। पीड़ित की शिकायत पर जांच में जुटी बड़ाबाजार पुलिस ने पुख्ता सबूत मिलने के बाद आरोपी पवन भीमसारिया को गिरफ्तार किया। अदालत में सरकारी वकील ने दलील दी कि फर्जीवाड़े के इस बड़े खेल में शामिल अन्य लोगों और पैसों के लेन-देन के पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए आरोपी से गहन पूछताछ जरूरी है। इसके लिए पुलिस ने उसकी कस्टडी की मांग की। अदालत ने अभियोजन पक्ष की दलीलों को स्वीकार करते हुए आरोपी को 25 सितंबर तक पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश जारी किया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

