फाइल फोटो
फाइल फोटो

फर्जी दस्तावेजों से 82 लाख का लोन हड़पने वाले गिरोह का भंडाफोड़

दो गिरफ्तार, अभियुक्तों को 12 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत
Published on: 

दो गिरफ्तार, अभियुक्तों को 12 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत

अम्हर्स्ट स्ट्रीट थाना इलाके की घटना

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता :

पुलिस ने
पैन कार्ड और आधार कार्ड सहित फर्जी दस्तावेज जमा कर एक सरकारी बैंक से लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। अम्हर्स्ट स्ट्रीट थाने की पुलिस ने मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय दास और सुरेंद्र नाथ प्रामाणिक के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को बैंकशाल अदालत में पेश किया, जहां से अदालत ने उन्हें 12 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेजने का निर्देश दिया है।

क्या है पूरा मामला

पुलिस के अनुसार इन दोनों ने खुद को जादवपुर विश्वविद्यालय और केएमडीए का कर्मचारी बताकर फर्जी पहचान पत्र और जाली दस्तावेज तैयार किए थे। इन फर्जी दस्तावेजों के आधार पर आरोपियों ने एक राष्ट्रीयकृत बैंक से 82 लाख रुपये का लोन स्वीकृत करवा लिया और राशि हड़प ली। पुलिस के अनुसार दोनों अभियुक्त एक गिरोह के सदस्य हैं। अभियुक्तों ने फर्जी दस्तावेज के जरिए 10 से 12 लोगों को लोन दिलाया और फिर फरार हो गये। सरकारी वकील ने अदालत को बताया कि इस धोखाधड़ी के तार और कहां-कहां जुड़े हैं और इसमें किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता है या नहीं, इसका पता लगाने के लिए हिरासत में पूछताछ जरूरी है। सरकारी पक्ष की दलीलों को सुनने के बाद जज ने दोनों आरोपियों की पुलिस रिमांड की अर्जी मंजूर करते हुए उन्हें 12 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश जारी किया। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in