सुरक्षा व्यवस्था में व्यक्तिगत पसंद नहीं चलती

CM शुभेंदु ने ठुकराई ममता की पुरानी सुरक्षा टीम की मांग
File Photo
File Photo
Published on

कोलकाता : पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सुरक्षा व्यवस्था में हाल ही में किए गए बदलाव को लेकर शुरू हुए राजनीतिक विवाद के बीच गुरुवार को विधानसभा में ममता समर्थक तृणमूल कांग्रेस खेमे के छह विधायकों ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात की। हालांकि, बैठक में उठाई गई सबसे महत्वपूर्ण ममता बनर्जी की पुरानी सुरक्षा टीम को बहाल करने की मांग को मुख्यमंत्री ने स्पष्ट रूप से खारिज कर दिया।

उल्लेखनीय है कि हाल ही में ममता बनर्जी की सुरक्षा में तैनात कुछ सुरक्षा कर्मियों को बदला गया था। इसके बाद तृणमूल के ममता समर्थक नेताओं और कार्यकर्ताओं के एक वर्ग ने सवाल उठाया था कि लंबे समय से उनके साथ कार्यरत सुरक्षा कर्मियों को क्यों हटाया गया। इसी मुद्दे को लेकर विधानसभा के बजट सत्र के पहले दिन कुणाल घोष, शोभनदेव चट्टोपाध्याय, मदन मित्र, अशोक देव, अब्दुर रहीम बक्सी और रुकबानुर रहमान मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे।

सूत्रों के अनुसार, ममता बनर्जी की पुरानी सुरक्षा टीम को फिर से बहाल करने के प्रतिनिधिमंडल के अनुरोध पर शुभेंदु अधिकारी ने स्पष्ट किया कि पूर्व मुख्यमंत्री को पहले की तरह जेड प्लस सुरक्षा उपलब्ध है। सूत्रों के मुताबिक उन्होंने यह भी कहा कि सुरक्षा व्यवस्था किसी व्यक्ति की पसंद-नापसंद के आधार पर नहीं चल सकती। सब कुछ प्रशासनिक तथा संस्थागत प्रक्रिया के तहत किए जाते हैं।

ममता समर्थक विधायकों ने विभिन्न जिलों में तृणमूल कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई, गिरफ्तारियों और कथित राजनीतिक प्रतिशोध का मुद्दा उठाया। इसके साथ ही, पुनर्वास के बिना हॉकरों को हटाने की कार्रवाई पर चिंता जताते हुए इसे रोकने की मांग भी की। कुणाल घोष ने बैठक के बाद दावा किया कि मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को बिना आवश्यकता किसी भी इलाके में बुलडोजर कार्रवाई न करने और प्रभावित लोगों के हितों का ध्यान रखने का आश्वासन दिया है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in