

सतीश, सन्मार्ग संवाददाता
हुगली: पत्नी की हत्या के आरोप में शेख रज्जब अली आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पांच महीने से फरार आरोपी को हुगली ग्रामीण पुलिस की दादपुर थाना पुलिस ने गुजरात के हिम्मतनगर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपित सिंगुर थाना क्षेत्र के पयारोड़ा गांव का निवासी है। गत 24 अगस्त 2025 की रात वह कुछ दोस्तों के साथ बिलातपुर बांध के निकट अपनी पत्नी के पास गया था। आरोप है कि पहले उसने पड़ोसी घर की एक महिला और उसके दो बच्चों के साथ मारपीट की और उन्हें वहां से भगा दिया। इसके बाद पत्नी मंजुरा खातून के साथ विवाद होने पर उसने कथित रूप से लाठी से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी रज्जब अली इलाका छोड़कर फरार हो गया और एक राज्य से दूसरे राज्य में छिपता रहा। मामले की जांच के लिए दादपुर थानेदार के नेतृत्व में सब-इंस्पेक्टर रोहित सोनकर और अन्य पुलिसकर्मियों की एक विशेष टीम गठित की गई। शुरुआत में उत्तर प्रदेश में छापेमारी की गई, लेकिन आरोपी वहां से निकल चुका था। बाद में तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूत्रों के आधार पर उसकी लोकेशन गुजरात के हिम्मतनगर थाना क्षेत्र में चिह्नित की गई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पत्नी की हत्या के बाद पांच महीने तक फरार रहने वाले आरोपी को आखिरकार पुलिस कार्रवाई और तकनीकी सहायता के जरिए पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर लाकर न्यायालय में पेश किया जाएगा।