सीएम ने गुरुद्वारे में मत्था टेका
कोलकाता सिटी
गुरु नानक भवन निर्माण का रास्ता होगा साफ! शुभेंदु का बड़ा ऐलान
सीएम बोले- हज भवन हो सकता है तो गुरु नानक भवन क्यों नहीं !
सीएम ने गुरुद्वारे में मत्था टेका
सिख समुदाय की सेवा और लंगर परंपरा को सराहा
गंगासागर मेले में श्रद्धालुओं की सेवा के लिए भी मांगा सहयोग
सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता
: गुरु नानक जयंती के पावन अवसर पर सीएम
शुभेंदु अधिकारी
ने लोगों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि सिखों के प्रथम गुरु का ज्ञान हमें सौहार्दपूर्ण और न्यायसंगत समाज के निर्माण की प्रेरणा देता है। उन्होंने लोगों से गुरु नानक देव की शिक्षाओं को याद करने और उनका अनुसरण करने का आग्रह किया। इसके साथ ही सीएम ने इस दिन गुरु नानक भवन को लेकर बड़ा ऐलान किया है। डानकुनी स्थित गुरु गोविंद सिंह साहिब गुरुद्वारे में सीएम ने मत्था टेका और प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान सिख समुदाय के प्रतिनिधियों से बातचीत करते हुए कई महत्वपूर्ण पहल करने का आश्वासन दिया। गुरु नानक देव के नाम पर भवन निर्माण की मांग को लेकर सीएम ने कहा कि जब बंगाल में हज भवन बनाया जा सकता है, तो गुरु नानक के नाम पर भवन क्यों नहीं बन सकता? उन्होंने कहा कि सरकारी जमीन की उपलब्धता की जांच और संबंधित पक्षों से बातचीत के बाद इस दिशा में निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि गुरुद्वारा परिसर में सामुदायिक भवन निर्माण के लंबित प्रस्ताव को सरकारी सहयोग से आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘मैंने पिछले साल इसका वादा किया था, जब मैं सीएम नहीं था और मैंने व्यक्तिगत तौर पर मदद करने की पेशकश की थी। अब मैं आधिकारिक तौर पर मदद करूंगा।’’ सीएम ने लंबे समय से प्रस्तावित कम्युनिटी हॉल के निर्माण में भी सरकारी सहयोग का भरोसा दिया। प्रस्ताव तैयार करने के लिए कमेटी के अमनदीप सिंह और सतपाल सिंह को कहा गया है। उन्होंने कहा कि सिख समुदाय से डानकुनी में गंगासागर मेले के श्रद्धालुओं के लिए सेवा शिविर संचालित करने का भी अनुरोध किया गया है।
शुभेंदु ने याद किया सिख समुदाय से पुराना नाता
सीएम शुभेंदु ने सिख समुदाय की ‘सेवा’ और ‘लंगर’ की परंपरा की सराहना की। उन्होंने कहा कि इनके साथ हमारा रिश्ता बहुत पुराना है। उन्होंने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि उनका यह जुड़ाव किसी राजनीतिक दल, पद या प्रशासनिक अधिकार का मोहताज नहीं है। उन्होंने कहा, “मैं यहां हमेशा प्रेम और सद्भाव के साथ आता रहा हूं। उस समय मैं किस पार्टी में था, किस पद पर था, मेरे पास प्रशासनिक या वित्तीय अधिकार थे या नहीं, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। सिख समुदाय के साथ मेरा रिश्ता तभी से है, जब मैं परिवहन मंत्री था।” शुभेंदु ने पटना साहिब में आयोजित प्रकाश पर्व का जिक्र करते हुए बताया कि उस दौरान उन्होंने 50 बसों की सेवा उपलब्ध कराई थी। उन्होंने कहा कि यह रिश्ता वर्षों पुराना है और सिख समुदाय के लोग उन्हें हमेशा अपने परिवार का हिस्सा मानते रहे हैं।

