स्वच्छता ही सेवा 2026 के अंतर्गत ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ अभियान में आईआईटी खड़गपुर की सहभागिता

स्वच्छता ही सेवा 2026 के अंतर्गत ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ अभियान में आईआईटी खड़गपुर की सहभागिता
Published on: 

सन्मार्ग संवाददाता

खड़गपुर : भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान खड़गपुर ने ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ के अंतर्गत राष्ट्रव्यापी ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ अभियान में सक्रिय सहभागिता करते हुए आज प्रौद्योगिकी छात्र जिमखाना (टीएसजी) एवं परिसर के आसपास के क्षेत्रों में सामूहिक श्रमदान एवं स्वच्छता अभियान आयोजित किया।

इस अभियान में प्रो. सुमन चक्रवर्ती, निदेशक, आईआईटी खड़गपुर; श्रीमती शर्मिष्ठा चक्रवर्ती; प्रो. देबलय चक्रवर्ती, अध्यक्ष, प्रौद्योगिकी छात्र जिमखाना; तथा प्रो. जयंत चक्रवर्ती, संयुक्त अध्यक्ष, प्रौद्योगिकी छात्र जिमखाना ने संस्थान के संकाय सदस्यों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के साथ श्रमदान करते हुए सक्रिय सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने स्वच्छता शपथ भी ली और अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा एक स्वच्छ एवं जिम्मेदार समाज के निर्माण में योगदान देने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

सामूहिक श्रमदान के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति अथवा समूह का दायित्व नहीं, बल्कि पूरे संस्थान समुदाय की साझा जिम्मेदारी है। इस पहल का उद्देश्य एक अभियान तक सीमित न रहते हुए स्वच्छ एवं सतत परिवेश के प्रति व्यक्तिगत तथा सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को और सुदृढ़ करना था।

यह आयोजन ‘स्वच्छता में सहभाग; स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ की भावना को प्रतिबिंबित करते हुए स्वच्छता के व्यापक राष्ट्रीय अभियान के समर्थन में आईआईटी खड़गपुर समुदाय की सामूहिक भागीदारी का प्रतीक बना।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in