मंत्री के निर्देश के बाद हरकत में आए हॉकर, पार्क स्ट्रीट में हटने लगे फुटपाथी स्टॉल के ढांचे

फुटपाथ से हॉकर स्टॉल हटाते हुए
फुटपाथ से हॉकर स्टॉल हटाते हुए
Published on

राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : राज्य की मंत्री अग्निमित्रा पॉल द्वारा बुधवार को कॉलेज स्ट्रीट, धर्मतल्ला और पार्क स्ट्रीट समेत विभिन्न इलाकों का दौरा कर फुटपाथों से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए जाने के एक दिन बाद इसका असर पार्क स्ट्रीट इलाके में स्पष्ट रूप से देखने को मिला। मंत्री ने फुटपाथ पर अतिक्रमण कर दुकानें लगाने वाले हॉकरों को 24 घंटे के भीतर यात्रियों की आवाजाही सुगम बनाने के उद्देश्य से अपने स्टॉल के ढांचे हटाने तथा फुटपाथ को व्यवस्थित करने का निर्देश दिया था।

हॉकर स्टॉल हटाते हुए देखे गए

मंत्री के निर्देश के बाद गुरुवार को सन्मार्ग की टीम ने पार्क स्ट्रीट क्षेत्र का जायजा लिया। इस दौरान चारंगी (चौरंगी) इलाके में देखा गया कि कई दुकानदारों ने अपने स्टॉल के ढांचे फुटपाथ के एक किनारे कर दिए हैं। वहीं, सड़क पर उतरकर दुकान लगाने वाले कई फूड स्टॉल संचालक स्वयं अपने स्टॉल के ढांचे हटाते और उन्हें निर्धारित सीमा के भीतर व्यवस्थित करते नजर आए।

दुकानदारों ने यह कहा :

दुकानदारों का कहना है कि मंत्री ने पूरी तरह दुकानें हटाने के बजाय उन्हें व्यवस्थित ढंग से संचालित करने का निर्देश देकर उनकी रोजी-रोटी बचा ली है। उनका कहना है कि अब वे फुटपाथ के एक किनारे पर अपनी दुकानें लगाकर व्यवसाय कर सकेंगे और राहगीरों को भी आने-जाने में असुविधा नहीं होगी। कई दुकानदार मंत्री के निर्देशों का पालन करते हुए अपने स्टॉल को नए सिरे से व्यवस्थित करते दिखाई दिए।

राहगीरों ने की पहल की सराहना

पार्क स्ट्रीट के फुटपाथ का नियमित उपयोग करने वाले लालटू ने बताया कि फुटपाथ के एक हिस्से को अतिक्रमण मुक्त किए जाने से आवागमन पहले की तुलना में अधिक सुगम हो गया है। उन्होंने कहा कि सरकार की यह पहल सराहनीय है और इससे पैदल यात्रियों को काफी राहत मिलेगी।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in