एयर इंडिया विमान की आपात लैंडिंग, लैंडिंग के दौरान टायर फटा

मुंबई–दिल्ली–सैन फ्रांसिस्को मार्ग से कोलकाता डायवर्ट उड़ान में लगभग 48 घंटे की देरी
एयर इंडिया विमान की आपात लैंडिंग, लैंडिंग के दौरान टायर फटा
Published on

कुछ यात्रियों को एमिरेट्स और कतर एयरवेज की उड़ानों से आगे भेजा गया

नेहा, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : शनिवार को एयर इंडिया के बोइंग 777-200LR विमान से यात्रा कर रहे 200 से अधिक यात्रियों की जान उस समय बाल-बाल बच गई, जब कोलकाता में लैंडिंग के दौरान विमान के बाएं लैंडिंग गियर का एक टायर फट गया। विमान मुंबई से दिल्ली होते हुए सैन फ्रांसिस्को जा रहा था, जिसे विमान में एक यात्री की तबीयत बिगड़ने के कारण कोलकाता डायवर्ट किया गया था। हालांकि बोइंग 777 जैसे बड़े विमान में टायर फटना आमतौर पर गंभीर दुर्घटना का कारण नहीं बनता, क्योंकि इसमें मजबूत इंजीनियरिंग और सख्त सुरक्षा प्रोटोकॉल होते हैं, लेकिन इसे एक गंभीर ग्राउंड इन्सिडेंट माना जाता है, जिससे विमान को नुकसान पहुंच सकता है और तत्काल जांच जरूरी होती है। इस घटना में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई, लेकिन कई यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। कई यात्री सोमवार सुबह तक मुंबई में फंसे रहे।

यात्रियों ने यह कहा

यात्री अंकुश चक्रवर्ती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी परेशानी साझा करते हुए लिखा कि उनकी सैन फ्रांसिस्को की उड़ान 20 दिसंबर को दोपहर 2:30 बजे पहुंचने वाली थी, लेकिन टायर फटने की घटना के कारण उड़ान 22 दिसंबर की शाम 7:30 बजे तक टल गई, जिससे लगभग 48 घंटे की देरी हुई। उन्होंने बताया कि वे कोलकाता से मुंबई, फिर वापस कोलकाता और दोबारा मुंबई पहुंचे, लेकिन फिर भी फंसे रहे। एक अन्य यात्री बद्री राम ने भी X पर लिखा कि फ्लाइट AI-179 ने यात्रियों को मानसिक तनाव में डाल दिया है और उन्हें अब तक यह स्पष्ट नहीं है कि वे कब सैन फ्रांसिस्को पहुंच पाएंगे।

एयरलाइंस अधिकारी ने यह कहा

एयरलाइन के एक अधिकारी ने बताया कि यह विमान आमतौर पर वापसी यात्रा में कोलकाता में ईंधन भरने के लिए रुकता है, लेकिन इस बार एक यात्री को तेज पेट दर्द होने के कारण तत्काल चिकित्सा सहायता की जरूरत पड़ी, जिसके चलते विमान को कोलकाता उतारा गया। पायलट ने देवघर और दुमका के ऊपर कुछ समय तक विमान को उड़ाया, फिर कोलकाता में लैंडिंग का निर्णय लिया। अधिकारी के अनुसार, “लैंडिंग के दौरान विमान का एक टायर फट गया, लेकिन इससे यात्रियों की सुरक्षा पर कोई असर नहीं पड़ा। बीमार यात्री को अस्पताल ले जाया गया और अब उनकी हालत स्थिर है।” एयरलाइन ने बताया कि जिन यात्रियों को तत्काल यात्रा करनी थी, उन्हें एमिरेट्स और कतर एयरवेज की उड़ानों से दुबई और दोहा होते हुए भेजा गया। अन्य यात्रियों को होटल में ठहराया गया और अगले दिन मुंबई भेजा गया ताकि वे सैन फ्रांसिस्को की अगली उड़ान ले सकें। फिलहाल विमान कोलकाता में ही खड़ा है। एयरलाइन को टायर बदलने, लैंडिंग गियर की जांच और अन्य तकनीकी परीक्षणों के लिए अपनी तकनीकी टीम और क्रू को शहर में लाना होगा।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in