

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : महिला उद्यमिता को प्रोत्साहन देने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से करियर आफ्टर फैमिली एंटरप्राइज (CAFE) की ओर से आयोजित दो दिवसीय ‘कैफे बाज़ार 6.0 – द फेस्टिव एडिट’ का आयोजन 12 एवं 13 अक्टूबर को साल्ट लेक स्थित सिटी सेंटर-1 में किया गया।
इसमें 100 से अधिक महिला उद्यमियों ने हिस्सा लिया। प्रदर्शनी में फैशन, ज्वेलरी, होम डेकोर, फेस्टिव कलेक्शन और गिफ्टिंग से जुड़े विभिन्न उत्पाद आकर्षण का केंद्र रहे। उल्लेखनीय बात यह रही कि 30 महिलाओं ने पहली बार किसी प्रदर्शनी में अपने उत्पाद पेश किए।
इस पहल ने नवोदित उद्यमियों को बाजार में अपनी पहचान बनाने का अवसर प्रदान किया। CAFE की संस्थापक कविता अग्रवाल ने कहा कि संगठन का उद्देश्य महिलाओं को अपने सपनों को साकार करने और व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए मंच उपलब्ध कराना है।
आयोजन टीम की सदस्य रेशा दुजारी और रचना लोहिया ने इसे बिक्री के साथ-साथ सीखने, ग्राहकों से जुड़ने और आत्मविश्वास बढ़ाने का महत्वपूर्ण अवसर बताया। कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी निधि मोहता ने संभाली।
वर्ष 2019 में स्थापित CAFE आज 1,200 से अधिक महिलाओं का समुदाय बन चुका है। संगठन प्रशिक्षण और मार्गदर्शन के माध्यम से महिलाओं को उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित कर रहा है। आयोजन में CAFE टीम और ‘सन्मार्ग’ के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया गया।