

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : मिनी गंगासागर कहे जाने वाले आउट्राम घाट में दूसरे राज्यों से तीर्थयात्रियों के आने का सिलसिला शुरू हो चुका है। कई तीर्थयात्रियों ने प्रशासन की व्यवस्था पर खुशी जतायी है। इस बीच कई सेवा शिविरों का उद्घाटन गुरुवार को किया गया।
सुल्तानपुर समाज कोलकाता : सुल्तानपुर समाज कोलकाता के सेवा शिविर के महासचिव रामप्रताप मिश्रा ने कहा कि 8 जनवरी को नि:शुल्क सेवा शिविर का उद्घाटन किया गया। यह मेला समाप्त होने तक चलेगा। यहां पर ठहरने और भोजन के साथ मेडिकल की भी व्यवस्था की गई है।
शिव शक्ति समिति : शिव शक्ति समिति के सेवा शिविर का उद्घाटन बुधवार को किया गया। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए संस्था के महासचिव कामाख्या नारायण सिंह ने कहा कि सात जनवरी से सेवा शिविर शुरू होकर 17 जनवरी तक चलेगा। सेवा शिविर में आने वाले श्रद्धालुओं को हर तरह की सुविधांए दी जा रही हैं। इस मौके पर संस्था के अध्यक्ष दारा सिंह सहित कई गण्यमान्य मौजूद थे।
अवध समाज : अवध समाज के चेयरमैन तारकेश्वर दुबे ने कहा कि सेवा शिविर का उद्घाटन 7 जनवरी को चुनमुन महाराज के कर कमलों द्वारा किया गया। यह शिविर 17 जनवरी तक चलेगा। यहां पर ठहरने और लोगों के लिए नाश्ते की नि:शुल्क व्यवस्था की गई है।
अखिल भारतीय आजमगढ़ सेवा संघ : अखिल भारतीय आजमगढ़ सेवा संघ के अध्यक्ष रामानुज सिंह ने कहा कि तीर्थयात्रियों की सेवा के लिए सेवा संघ हमेशा बढ़ चढ़ कर हिस्सा लेता है। यहां पर तीर्थयात्रियों को हर तरह की सुविधाएं दी जा रही हैं। इस मौके पर महेशतल्ला वार्ड नंबर एक के पार्षद सत्येंद्र सिंह व अन्य मौजूद थे।
हरियाणा नागरिक संघ : तीर्थयात्री सेवा शिविर आउटराम घाट, शिविर नम्बर 36 में आज यानी शुक्रवार को हरियाणा नागरिक संघ के सेवा शिविर का उद्घाटन किया जाएगा।