रिपोर्टिंग वर्ष 2025-26 हेतु SFT की समयबद्ध एवं सही फाइलिंग पर आउटरीच कार्यक्रम

आयकर विभाग ने
आयकर विभाग ने
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : निदेशालय इंटेलिजेंस एवं आपराधिक जांच, कोलकाता इकाई द्वारा दिनांक 15.05.2026 को अपराह्न 3 बजे से 5 बजे तक आयकर भवन, कोलकाता में रिपोर्टिंग वर्ष 2025-26 हेतु स्टेटमेंट ऑफ फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन्स (SFT) की समयबद्ध एवं सही फाइलिंग के संबंध में एक आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस कार्यक्रम में फॉरेक्स डीलर्स, विभिन्न सब-रजिस्ट्रार कार्यालयों के प्रतिनिधि, सहकारी बैंक तथा कर पेशेवरों ने भाग लिया। प्रतिभागियों को SFT रिटर्न की समय पर एवं सही फाइलिंग के महत्व के बारे में जागरूक किया गया, ताकि करदाताओं को उपलब्ध कराए जाने वाले वार्षिक सूचना विवरण (AIS) में न्यूनतम त्रुटियां हों तथा यह बेहतर कर अनुपालन सुनिश्चित करने में अधिक उपयोगी सिद्ध हो।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने रिपोर्टिंग एंटिटीज़ (REs) एवं अन्य प्रतिभागियों के साथ संवाद स्थापित कर उनकी विभिन्न जिज्ञासाओं का समाधान किया। साथ ही, आयकर अधिनियम, 2025 में SFT फाइलिंग से संबंधित प्रावधानों तथा आयकर अधिनियम, 1961 की तुलना में हुए प्रमुख परिवर्तनों पर भी संक्षिप्त चर्चा की गई। प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से अपने प्रश्न रखे तथा कार्यक्रम में चर्चा किए गए विभिन्न विषयों के संबंध में अपनी जानकारी को समृद्ध किया।

कार्यक्रम के दौरान यह भी बताया गया कि पंजीकृत संस्थाओं द्वारा SFT फाइलिंग की अंतिम तिथि 31 मई 2026 है। SFT की समयबद्ध एवं सही फाइलिंग न केवल करदाता सेवाओं को बेहतर बनाने में सहायक होती है, क्योंकि इससे करदाता अपने PAN से संबंधित वित्तीय लेनदेन की जानकारी आयकर रिटर्न दाखिल करने से पूर्व प्राप्त कर सकते हैं, बल्कि यह विभिन्न क्षेत्रों में वित्तीय लेनदेन के विश्लेषण के माध्यम से प्रभावी कर प्रशासन एवं कर संग्रहण में वृद्धि हेतु भी विभाग को सहायता प्रदान करती है।

रिपोर्टिंग एंटिटीज़ को यह भी अवगत कराया गया कि बेहतर करदाता सेवाएं एवं स्वैच्छिक कर अनुपालन सुनिश्चित करने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। यह भी उल्लेख किया गया कि विभाग द्वारा पिछले वर्ष 41 स्पॉट वेरिफिकेशन किए गए थे, ताकि रिपोर्टिंग एंटिटीज़ द्वारा सही एवं सटीक SFT फाइलिंग सुनिश्चित की जा सके।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in